BREAKING NEWS
2026-08-17

बेगमगंज में बस किराया वृद्धि पर ‘जेन-जी’ का विरोध, एसडीएम को ज्ञापन

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, रायसेन।

मंगलवार को बेगमगंज में बस ऑपरेटरों द्वारा यात्री किराए में अचानक भारी वृद्धि किए जाने के खिलाफ ‘जेन-जी’ (जनरेशन ज़ेड) सड़कों पर उतर आई। छात्र-छात्राओं ने रैली के रूप में एसडीएम कार्यालय पहुंचकर यात्री बसों में हुई बेतहाशा किराया वृद्धि का विरोध किया और इसे कम करने की मांग करते हुए एसडीएम प्रियंका भलावी को ज्ञापन सौंपा।

Advertisement

ज्ञापन में बताया गया कि सागर का किराया पूर्व के 80 रुपये से बढ़ाकर 120 रुपये कर दिया गया है। इसी प्रकार भोपाल का किराया 150 रुपये से बढ़ाकर 250 रुपये और सुल्तानगंज से बेगमगंज का किराया 25 रुपये से बढ़ाकर 50 रुपये कर दिया गया है। ये बढ़ी हुई दरें बेगमगंज के ग्रामीण क्षेत्र सहित सागर, भोपाल और रायसेन में पढ़ाई करने जाने वाले छात्र-छात्राओं पर लागू होंगी।

शिकायत में कहा गया कि सुनवाहा, पड़रिया राजाधार, हैदरगढ़ सहित आसपास के गांवों से बेगमगंज शिक्षा अध्ययन करने आने वाले छात्र-छात्राओं पर दोगुना किराया बढ़ने से आर्थिक मार पड़ रही है। इस कारण कई गरीब तबके के छात्र-छात्राएं कई-कई दिन तक स्कूल एवं कॉलेज नहीं आ पा रहे हैं, जिससे उनकी पढ़ाई का नुकसान हो रहा है और उनका भविष्य खतरे में पड़ रहा है।

सभी छात्र-छात्राओं ने बेतहाशा हुई किराया वृद्धि की समीक्षा कर यात्री किराया कम करने की मांग की, ताकि प्रतिदिन अप-डाउन करने वाले छात्र-छात्राओं सहित अन्य गरीबों को भी आर्थिक बोझ न उठाना पड़े। उन्होंने यह भी कहा कि यदि किराया बढ़ाना ही था तो कुछ प्रतिशत बढ़ाया जा सकता था, लेकिन दोगुना किराया बढ़ाने से सभी को आर्थिक रूप से परेशानी हो रही है। उनकी मांग है कि इन समस्याओं का निराकरण किया जाए और छात्र-छात्राओं के लिए विशेष रियायती कार्ड बनाए जाकर छूट दी जाए।