BREAKING NEWS
2026-08-17

भोपाल शव मामले में नया मोड़: एम्स रिपोर्ट में धारदार हथियार से चोट नहीं, जानवरों के काटने की पुष्टि

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, भोपाल।

सोमवार सुबह 8 बजे भोपाल के भेल गेट नंबर-8 के पास त्रिवेणी गर्ल्स हॉस्टल के सामने झाड़ियों में एक युवक का शव मिला था। शव का सिर और धड़ अलग-अलग पड़े थे, और मृतक के प्राइवेट पार्ट पर भी चोट के निशान थे। शव 8-10 दिन पुराना था और उस पर कीड़े लगे थे; चेहरे का मांस पूरी तरह से गायब हो चुका था, जिससे यह एक तरह से कंकाल जैसा लग रहा था। मृतक के शरीर पर मिले चोटों के आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया था।

Advertisement

एम्स द्वारा जारी की गई शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि शव के गले को जानवरों ने काटकर खाया था। रिपोर्ट के अनुसार, शरीर पर दांतों के निशान मिले हैं, जबकि धारदार हथियार से चोट के कोई निशान नहीं पाए गए हैं।

शॉर्ट पीएम रिपोर्ट मिलने के बाद गोविंदपुरा पुलिस हत्या की आशंका से लगभग इनकार कर रही है। पुलिस का मानना है कि व्यक्ति की मौत बीमारी या किसी अन्य कारण से हुई होगी, और बाद में जानवरों ने उसके शरीर के नाजुक अंगों को खा लिया होगा। पुलिस ने मृतक का बिसरा प्रिजर्व किया है, जिसे आगे की जांच के लिए फोरेंसिक लैब भेजा जाएगा। गोविंदपुरा पुलिस फिंगरप्रिंट के माध्यम से मृतक की पहचान करने में जुटी है, जिसके लिए फिंगर का मिलान आधार कार्ड से किया जा रहा है। गोविंदपुरा थाना प्रभारी अवधेश सिंह तोमर के अनुसार, मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है, और पुलिस ने लगभग 40-50 गुमशुदगी के मामले खंगाले हैं।

मृतक की कमर में काला धागा बंधा हुआ था। घटनास्थल के आसपास के लोगों ने पुलिस को बताया कि मृतक 8-10 दिन पहले इसी इलाके में घूमता रहता था। मृतक के गले पर ट्यूमर था, जिसकी आशंका शायद कैंसर की थी। घटनास्थल के पास एक से डेढ़ फीट पानी भी भरा हुआ था, जिससे पुलिस को यह आशंका भी है कि उसकी मौत डूबने से हुई हो सकती है। मृतक की पहचान के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच कर रही है। फिलहाल इस मामले में पुलिस की जांच जारी है।