BREAKING NEWS
2026-08-17

भोपाल में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से एनएचडीसी के वरिष्ठ प्रबंधक का निधन

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, भोपाल।

भोपाल के कोलार थाना क्षेत्र स्थित नेताजी हिल्स में सोमवार सुबह एक हादसे में नर्मदा हाइड्रोइलेक्ट्रिक डेवलपमेंट कारपोरेशन (एनएचडीसी) के एक वरिष्ठ प्रबंधक की करंट लगने से मृत्यु हो गई। मृतक की पहचान महाबली नेताजी हिल्स निवासी जयप्रकाश कटियार (52) के रूप में हुई है, जो श्यामला हिल्स स्थित मुख्यालय में वरिष्ठ प्रबंधक के पद पर कार्यरत थे।

Advertisement

यह हादसा उस समय हुआ जब जयप्रकाश कटियार अपने मकान की छत पर जमा बारिश का पानी लोहे की रॉड से निकाल रहे थे। इसी दौरान रॉड छत के पास से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गई।

कोलार थाने के एसआई जोगेंद्र नैगी ने बताया कि रविवार रात हुई तेज बारिश के कारण जयप्रकाश कटियार के मकान की छत पर भारी जलभराव हो गया था। रात में भी उनके परिजन पानी की निकासी के प्रयास में जुटे रहे।

सोमवार सुबह लगभग 6:30 बजे जयप्रकाश कटियार दोबारा छत पर जमा पानी साफ करने गए। जब वह लोहे की रॉड से पानी के लिए रास्ता बना रहे थे, तभी रॉड सीधे हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गई। तेज धमाके के साथ उन्हें करंट का जोरदार झटका लगा और वे अचेत होकर वहीं गिर पड़े।

धमाके की आवाज सुनकर परिजन छत पर पहुंचे और तुरंत उन्हें एक निजी अस्पताल ले गए। अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।