BREAKING NEWS
2026-08-17

ग्वालियर में हिंदुस्तान लीवर एजेंसी से 18 लाख की चोरी का खुलासा, 15.40 लाख नकद बरामद; 5 गिरफ्तार

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, ग्वालियर।

ग्वालियर के जनकगंज थाना क्षेत्र में हिंदुस्तान लीवर एजेंसी के कार्यालय से हुई 18 लाख रुपए की सनसनीखेज चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए चार बालिग आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक बाल अपचारी (नाबालिग) को अभिरक्षा में लिया गया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी गए माल में से 15 लाख 40 हजार रुपए नकद बरामद किए गए हैं।

Advertisement

पटेल नगर निवासी शिकायतकर्ता संजय कुमार बंसल ने जनकगंज थाने में मामला दर्ज कराया था। उन्होंने बताया कि 9 और 10 अगस्त की दरमियानी रात करीब डेढ़ बजे उनके हिंदुस्तान लीवर एजेंसी के दफ्तर से अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर लगभग 18 लाख रुपए नकद और चांदी का एक सिक्का चुरा लिया था।

घटना की रात करीब डेढ़ बजे कार्यालय के आसपास संदिग्ध हलचल महसूस होने पर जांच की गई थी, लेकिन उस समय ताले सुरक्षित पाए गए थे। अगली सुबह जब कर्मचारी कार्यालय पहुंचे, तो मुख्य द्वार का ताला टूटा हुआ था और तिजोरी या ड्रॉअर में रखा कैश गायब था।

घटना की गंभीरता को देखते हुए ग्वालियर एसएसपी धर्मवीर सिंह यादव के निर्देशों पर जनकगंज पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर पुलिस का मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया।

जांच के दौरान भारत उर्फ भूरा जाटव और जितेंद्र उर्फ टिक्की उर्फ जीतू कुशवाह के नाम सामने आए। पुलिस द्वारा की गई कड़ाई से पूछताछ में दोनों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की इस वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि चोरी की रकम को सभी आरोपियों ने आपस में बांट लिया था। एसएसपी धर्मवीर सिंह यादव ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और सटीक मुखबिर सूचना की मदद से टीम ने महज कुछ ही घंटों में चोरी का खुलासा कर 15.40 लाख रुपए बरामद कर लिए हैं। गिरफ्तार किए गए चारों आरोपियों और नाबालिग से बची हुई रकम व वारदात में इस्तेमाल किए गए औजारों के संबंध में पूछताछ जारी है।