बुलंद सोच, भोपाल।

भोपाल की सुनीता सिंह ने 80वें स्वतंत्रता दिवस पर लगभग 21 हजार फीट (6,111 मीटर) ऊंचे माउंट युनाम पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया। उन्होंने 15 अगस्त 2026 को सुबह 9:16 बजे इस चोटी पर तिरंगा फहराया। सुनीता सिंह 56 साल की हैं, और इस उम्र में पर्वतारोहण को काफी चुनौतीपूर्ण माना जाता है। माउंट युनाम भारत में मनाली-लेह राजमार्ग पर बरालाचा ला दर्रे के पास लाहौल-स्पीति घाटी में स्थित है। यह शिखर अपनी पथरीली संरचना, सीधी चढ़ाई और बर्फ के कारण चुनौतीपूर्ण माना जाता है।
एसबीआई में पदस्थ और अभियान का उद्देश्य
सुनीता सिंह भोपाल स्थित स्टेट बैंक मुख्यालय में असिस्टेंट जनरल मैनेजर (एजीएम) के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज के साथ स्टेट बैंक का ध्वज भी फहराया। इस अवसर पर सुनीता सिंह ने कहा कि यह उपलब्धि उन्होंने साहस, सेवा और राष्ट्रीय गौरव के मूल्यों को समर्पित की है, जो एसबीआई की पहचान हैं। उन्होंने आगे कहा कि यह अभियान स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में और देश के दुर्गम क्षेत्रों में भी बैंक की उपस्थिति को दर्शाने के लिए किया गया।
पूर्व कीर्तिमान
सुनीता सिंह इससे पहले नेपाल में 6,476 मीटर ऊंचे मेरा पीक, 6,119 मीटर ऊंचे लोबुचे ईस्ट पर दो बार, रूस के माउंट एल्ब्रुस और अफ्रीका के माउंट किलिमंजारो पर सफलतापूर्वक तिरंगा लहरा चुकी हैं। वे माउंट एवरेस्ट पर 7200 मीटर तक और अर्जेंटीना के माउंट एकॉनकागुआ पर 6700 मीटर तक पर्वतारोहण कर चुकी हैं। सुनीता सिंह का मानना है कि यह सफर सिर्फ ऊंचाइयों को छूने का नहीं, बल्कि हर चढ़ाई के साथ खुद को और मजबूत बनाने, चुनौतियों से सीखने और अगले शिखर के लिए फिर तैयार होने की कहानी है।

