बुलंद सोच, महेश्वर।
गुरुवार सुबह लगभग 8:30 बजे महेश्वर स्थित ऐतिहासिक अहिल्या किले के चबूतरे से एक महिला ने छलांग लगाकर कथित रूप से आत्महत्या कर ली। इस घटना में महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतका की पहचान 45 वर्षीय लक्ष्मी हरभजन सिंह चंदेल निवासी महेश्वर के रूप में हुई है। मृतका का पति हरभजन सिंह चंदेल मजदूरी करता है।
आत्महत्या के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो सका है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घरेलू विवाद के चलते आत्महत्या करने की सूचना प्राप्त हुई है। हालांकि, पुलिस मामले में अभी जांच कर रही है।
प्रत्यक्षदर्शी नितेश शुक्ला (देपालपुर) के अनुसार, मृतका घटना से पहले हाथ में मिठाई का पैकेट लेकर परिसर में इधर-उधर घूम रही थी।
किले पर तैनात गार्ड ने उसे एक बार चबूतरे की ओर जाने से रोककर वापस भेज दिया था। इसके बाद वह कुछ देर किले के अहिलेश्वर मंदिर में बैठी रही।
इसी दौरान गार्ड प्री-वेडिंग शूट की रसीद बनाने में व्यस्त था। अवसर मिलते ही महिला चबूतरे की ओर बढ़ी और अचानक छलांग लगा दी।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस लगभग 35 मिनट बाद मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। किले पर तैनात गार्ड सहित अन्य लोगों से पूछताछ की जा रही है। आत्महत्या के कारणों की जांच जारी है।
खरगोन में गोवंश तस्करी पर कार्रवाई
खरगोन जिले के गोगावां थाना क्षेत्र की अहिरखेड़ा चौकी पुलिस ने गोवंश तस्करी के मामले में कार्रवाई की है। चौकी प्रभारी भोजराज परमार ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिलने पर खरगोन रोड पर भगवानपुरा फाटा क्षेत्र में नाकाबंदी की गई।
पुलिस ने एक संदिग्ध वाहन को रोका। जांच में वाहन से तीन गोवंश मिले। वाहन चालक सुरेश यादव (45) निवासी बेहरामपुर टेमा गोवंश परिवहन से संबंधित दस्तावेज व वैध कागज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस ने गोवंश मुक्त कराए और वाहन जब्त कर लिया। चालक सुरेश यादव के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। इस मामले में वाहन मालिक शांतिलाल चौहान (48) निवासी ग्राम सगुर भगुर को भी आरोपित बनाया गया है।

