BREAKING NEWS
2026-08-10

मैहर: घुनवारा सब स्टेशन में बिजली कर्मचारियों से मारपीट, सरपंच पति सहित चार पर FIR दर्ज

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, मैहर।

मैहर जिले के अमदरा थाना क्षेत्र स्थित घुनवारा विद्युत सब स्टेशन में देर रात ड्यूटी पर तैनात बिजली विभाग के कर्मचारियों के साथ मारपीट और शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, यह घटना 5 अगस्त की रात करीब 10:30 बजे की है।

Advertisement

उस समय विद्युत सब स्टेशन में ऑपरेटर शारदा सोनी अपने सहकर्मी जितेंद्र साहू के साथ ड्यूटी पर मौजूद थे। शिकायत के आधार पर पुलिस ने घुनवारा के सरपंच पति ओम साहू सहित चार लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

आरोप है कि चारों आरोपितों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और दोनों कर्मचारियों के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की। कर्मचारियों को कथित रूप से जमीन पर पटक दिया गया।

सब स्टेशन में रखी शासकीय लॉग बुक फाड़ दी गई, जिससे सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचा और शासकीय कार्य बाधित हुआ।

शिकायत में यह भी कहा गया है कि जब कर्मचारी डायल-112 को सूचना देने लगे तो आरोपी मौके से भाग निकले। जाते-जाते उन्होंने दोबारा बिजली बंद होने पर जान से मारने की धमकी भी दी।

मारपीट में ऑपरेटर शारदा सोनी के बाएं हाथ की कोहनी में सूजन, गर्दन में खरोंच और शरीर में चोटें आई हैं। दूसरे कर्मचारी जितेंद्र साहू ने गर्दन में दर्द की शिकायत दर्ज कराई है।

अमदरा थाना पुलिस ने पीड़ित की लिखित शिकायत पर एफआईआर क्रमांक 252/2026 दर्ज करते हुए ओम साहू, सिन्टू साहू, लोकपाल बुंदेला और सचिन चौधरी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मामला कायम किया है। विवेचना कार्यवाहक प्रधान आरक्षक रवि सिंह चौहान को सौंपी गई है।