BREAKING NEWS
2026-08-04

मैहर के शासकीय स्कूल में नाबालिग छात्रों को एडल्ट फिल्म दिखाने का मामला

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, मैहर।

मैहर जिले के अमरपाटन विकासखंड स्थित शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल कठहा में विद्यार्थियों को एडल्ट श्रेणी की फिल्म दिखाए जाने का मामला सामने आया है। जुलाई के अंतिम दिन विद्यालय के अतिथि शिक्षक हंसराज पटेल ने छात्रों के लिए प्रोजेक्टर पर फिल्म प्रदर्शन का आयोजन किया।

Advertisement

आयु प्रतिबंध का उल्लंघन

आरोप है कि इस दौरान ”ए” सर्टिफिकेट प्राप्त फिल्म ”धुरंधर” दिखाई गई। फिल्म शुरू होने से पहले प्रदर्शित होने वाले आयु संबंधी डिस्क्लेमर के बावजूद छात्रों को यह फिल्म दिखाई गई, जबकि अधिकांश विद्यार्थी 18 वर्ष से कम आयु के बताए जा रहे हैं।

सीएम हेल्पलाइन में शिकायत

इस पूरे मामले की शिकायत निशांत तिवारी द्वारा सीएम हेल्पलाइन में शिकायत क्रमांक 39809957 के माध्यम से दर्ज कराई गई है। यह शिकायत 1 अगस्त को विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) को आवंटित की जा चुकी है।

कार्रवाई में देरी पर सवाल

शिकायतकर्ता का आरोप है कि अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। वहीं, विद्यालय प्रबंधन की ओर से भी इस मामले में कोई स्पष्ट कदम सामने नहीं आया है, जिससे विभागीय कार्रवाई नहीं होने पर सवाल उठ रहे हैं।

बिना अनुमति प्रदर्शन

विभागीय जानकारी के अनुसार, विद्यालय परिसर में किसी भी प्रकार की फिल्म या अन्य गतिविधि आयोजित करने के लिए प्राचार्य की अनुमति आवश्यक होती है। आरोप है कि संबंधित शिक्षक ने न तो विद्यालय प्रबंधन से अनुमति ली और न ही विभाग को इसकी सूचना दी। यह भी दावा किया गया है कि फिल्म का प्रदर्शन अधिकृत माध्यम से नहीं किया गया, जिससे पायरेसी से जुड़े सवाल भी खड़े हो रहे हैं।

नियमों का उल्लंघन और नैतिक प्रश्न

केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड द्वारा ”ए” प्रमाणित फिल्मों का प्रदर्शन केवल 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के वयस्कों के लिए ही अनुमत होता है। ऐसे में यदि नाबालिग विद्यार्थियों को विद्यालय परिसर में इस श्रेणी की फिल्म दिखाई गई है, तो यह गंभीर प्रशासनिक और नैतिक प्रश्न खड़े करता है। अब शिक्षा विभाग पर निगाहें हैं कि वह इस मामले की जांच कर जिम्मेदारों के विरुद्ध क्या कार्रवाई करता है।