बुलंद सोच, शाजापुर।

मध्य प्रदेश के सबसे बड़े 21.05 करोड़ रुपये के साइबर ठगी मामले में भाजपा के जिला पंचायत सदस्य जगदीश कुमार मालवीय को गिरफ्तार किया गया है। यह ठगी ग्वालियर के चार्टर्ड अकाउंटेंट अशोक विजयवर्गीय को क्रिप्टो करेंसी में निवेश का झांसा देकर की गई थी।
पुलिस ने जगदीश कुमार मालवीय को ग्वालियर में हुई ठगी की राशि में से पचास लाख रुपये उसके खाते में आने पर गिरफ्तार किया है। पूछताछ में उसने बताया कि अलग-अलग राज्यों में हुई ठगी की 11 वारदातों की राशि भी उसके खाते में आ चुकी है। पुलिस को उसके खाते में करीब ढाई करोड़ रुपये का संदिग्ध लेनदेन मिला है।
राज्य साइबर सेल के डीएसपी संजीव नयन शर्मा ने बताया कि आरोपित फिलहाल पुलिस रिमांड पर है। शुरुआती पूछताछ में पता चला है कि जगदीश की सोसायटी से संबंधित संस्था के करंट खाते में नवंबर 2025 से ठगी की राशि का लेनदेन प्रारंभ हुआ था। ग्वालियर में हुई ठगी की राशि में पहली लेयर का ट्रांजेक्शन उसके खाते में हुआ था, जिसमें पहली लेयर में ही 77 खातों में ट्रांजेक्शन हुए हैं। इसके बाद 15 लेयर में 20 हजार से अधिक खातों में ट्रांजेक्शन हुए हैं।

