BREAKING NEWS
2026-10-17

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नौरादेही में चीते व्योम और नीरा को सॉफ्ट रिलीज बाड़े में छोड़ा

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, भोपाल।

मध्यप्रदेश में कूनो और गांधीसागर के बाद नौरादेही यानी वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व चीतों का तीसरा घर बन गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को कूनो से लाए नर चीते ‘व्योम’ और मादा ‘नीरा’ को सीधे 439 हेक्टेयर के सॉफ्ट रिलीज बाड़े में छोड़ा।

Advertisement

देश में अब कुल 60 चीते हैं। इनमें 4 गांधीसागर में और 2 नौरादेही में हैं, जबकि शेष चीते कूनो में हैं।

नौरादेही की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यहां करीब 30 बाघों के साथ बड़ी संख्या में तेंदुए और भेड़िए भी मौजूद हैं। यह मध्यप्रदेश का सबसे बड़ा और देश का इकलौता टाइगर रिजर्व है, जहां चीतों को इन वन्यजीवों के बीच बसाया जा रहा है।

वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार, लगभग 100-150 साल पहले बाघ, तेंदुए, भेड़िए और चीते एक ही लैंडस्केप में रहते थे। अब नौरादेही में वैसी ही स्थिति बनाने का प्रयास किया जा रहा है। चीतों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और गतिविधियों की निगरानी के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।

व्योम और नीरा को अभी खुले जंगल में नहीं छोड़ा गया है। दोनों 439 हेक्टेयर के सॉफ्ट रिलीज बाड़े में जंगल जैसी परिस्थितियों में रहेंगे। यहां उनके व्यवहार, शिकार और नए वातावरण में अनुकूलन की निगरानी की जाएगी।

सब कुछ अनुकूल रहने के बाद ही खुले जंगल में छोड़ने का फैसला होगा। इसमें 1 साल से ज्यादा समय लग सकता है।

नौरादेही में व्योम-नीरा के आने से भोपाल के सबसे नजदीक चीता ठिकाना अब करीब 200 किलोमीटर दूर हो गया है। कूनो भोपाल से 350 किलोमीटर और गांधीसागर 400 किलोमीटर दूर स्थित है।