बुलंद सोच, भोपाल।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में बुधवार को प्रदेशभर में विकसित भारत संकल्प सभा एवं सेवा ज्योति यात्रा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भोपाल के रवींद्र भवन में मुख्य कार्यक्रम आयोजित हुआ।
इस कार्यक्रम के दौरान खेल एवं युवा कल्याण मंत्री तथा सेवा ज्योति यात्रा के प्रदेश प्रभारी विश्वास सारंग ने राजधानी के अशोका गार्डन में 50 लाख रुपए की लागत से सेवा ज्योति चौक का निर्माण करने की घोषणा की। साथ ही, प्रदेश के प्रत्येक जिले में भी एक प्रमुख चौराहे पर सेवा ज्योति की प्रतिमा लगाने की घोषणा की गई।
इन प्रतिमाओं एवं चौक को प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सेवाकाल और ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प के प्रतीक के रूप में स्थापित किया जाएगा। अशोका गार्डन के सेवा ज्योति चौक पर लगने वाली स्थायी ‘सेवा ज्योति’ प्रतिमा भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवाकाल और ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प का प्रतीक होगी।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, मंत्री कृष्णा गौर, भाजपा प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी, सांसद आलोक शर्मा, विधायक रामेश्वर शर्मा, भगवानदास सबनानी और महापौर मालती राय सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
मुख्य कार्यक्रम के समापन के बाद द-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में विधायक भगवानदास सबनानी के नेतृत्व में एक सेवा ज्योति यात्रा निकाली गई। यह यात्रा रवींद्र भवन से शुरू होकर जनसंपर्क चौराहा, पलाश होटल, रंगमहल चौराहा, टीटी नगर थाना, टॉप एन टाउन और रोशनपुरा चौराहा होते हुए 45 बंगले स्थित विधायक निवास पहुंची। इस यात्रा में मंडल और बूथ स्तर के पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा स्थानीय लोग शामिल हुए।

