प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर बुधवार को प्रदेशभर में विकसित भारत संकल्प सभा एवं सेवा ज्योति यात्रा का आयोजन किया गया। भोपाल के रवींद्र भवन में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में मंत्री विश्वास सारंग ने राजधानी के अशोका गार्डन में 50 लाख रुपए की लागत से सेवा ज्योति चौक के निर्माण की घोषणा की। प्रदेश के हर जिले में भी सेवा ज्योति प्रतिमा लगाई जाएगी, जो पीएम मोदी के 25 वर्ष के सेवाकाल और ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प का प्रतीक होगी। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने वर्चुअल संबोधन दिया।
भोपाल के रवींद्र भवन में सेंट्रल एसी सिस्टम तीन-चार महीने से बंद पड़ा है, जबकि आरटीआई से खुलासा हुआ है कि 2023 से सितंबर 2025 के बीच इसकी मरम्मत और मेंटेनेंस पर 32 लाख रुपये खर्च किए गए। केवल 2025 में ही 9 लाख रुपये का बिल काटा गया। किराए के एसी लगाकर वैकल्पिक व्यवस्था की गई है, लेकिन वे अपर्याप्त हैं और सुरक्षा मानकों का उल्लंघन कर रहे हैं, जिससे कलाकारों और दर्शकों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। संस्कृति संचालनालय की कार्यालय प्रमुख ने मेंटेनेंस जारी होने की बात कही है।