बुलंद सोच, पन्ना।

पन्ना जिले के पवई थाना क्षेत्र में एक हृदय विदारक घटना सामने आई है। कटनी मार्ग पर स्थित श्री विद्यासागर गौ रक्षा एवं संवर्धन समिति द्वारा संचालित गौ सदन गौशाला के सामने एक तेज रफ्तार ट्राला चालक ने लापरवाही पूर्वक सैकड़ों गौवंश के झुंड पर ट्राला चढ़ा दिया।
हादसे में 5 गायों की मौत, 50 से अधिक घायल
इस घटना में 5 गायों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 50 से अधिक गौवंश गंभीर रूप से घायल हो गए। रोज की तरह गौशाला से गौवंश को चरने के लिए छोड़ा जा रहा था, तभी कटनी की ओर से आ रहे ट्राला क्रमांक NL 01 AG 8485 ने गौवंश के झुंड को रौंद दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गायें 15 से 20 मीटर तक ट्राले के साथ घिसटती रहीं। यह पूरी वीभत्स घटना गौशाला में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। मौके पर मौजूद चरवाहों और स्थानीय लोगों ने शोर मचाकर ट्राला रुकवाया।
चालक को पकड़ा गया, मामला दर्ज
हादसे के बाद ड्राइवर भागने का प्रयास कर रहा था, जिसे चरवाहों और ग्रामीणों ने पकड़ लिया। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सुशील कुमार अहिरवार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और ट्राला व ड्राइवर को अभिरक्षा में लेकर मामला दर्ज किया। पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है।
कठोर कार्रवाई की मांग
घटना की सूचना तुरंत पवई पुलिस, गौसेवकों और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को दी गई। गौशाला अध्यक्ष नितिन जैन ने थाने पहुंचकर ट्राला ड्राइवर के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है।
पशु पालकों से अपील
थाना प्रभारी ने पशु पालकों से अपील की है कि अनुपयोगी होने पर अपने पशुओं को बेसहारा न छोड़ें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

