बुलंद सोच,।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर भाजपा ने देशव्यापी जनसंपर्क यात्राओं और एक महीने के सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से पूरे देश में कार्यकर्ताओं को ऊर्जावान बनाने और लोगों से सीधा संवाद स्थापित करने की व्यापक तैयारी की है।
इस योजना के तहत प्रधानमंत्री की जन्मभूमि वडनगर और कर्मभूमि वाराणसी से अलग-अलग यात्राएं निकाली जाएंगी। इन यात्राओं से जुड़ी टीमें देश के विभिन्न हिस्सों में लोकसेवक के रूप में प्रधानमंत्री मोदी की उपलब्धियों की जानकारी देंगी।
इन यात्राओं से अछूते क्षेत्रों में सेवा संकल्प अभियान के तहत रैलियां, रक्तदान और स्वास्थ्य जांच शिविरों के माध्यम से लोगों से संपर्क साधा जाएगा।
सेवा संकल्प अभियान की रूपरेखा सोमवार देर रात तक पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन, गृह मंत्री अमित शाह, महासचिव स्मृति ईरानी, विनोद तावड़े समेत कई वरिष्ठ नेताओं की बैठक में तैयार की गई।
यात्रा का खाका
17 सितंबर से वडनगर और वाराणसी से शुरू हो रही ये यात्राएं देश के विभिन्न हिस्सों से गुजरते हुए 17 अक्तूबर को क्रमशः वाराणसी और वडनगर पहुंचेंगी। दोनों यात्राएं प्रतिदिन सौ किलोमीटर का सफर तय करेंगी और अलग-अलग तीन-तीन हजार किलोमीटर क्षेत्र को कवर करेंगी। प्रत्येक यात्रा प्रतिदिन कम से कम चार कार्यक्रम आयोजित करेगी।

