BREAKING NEWS
2026-10-17

मध्य भारत में निम्न दबाव और उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ से मूसलाधार बारिश; 12 से अधिक राज्यों में अलर्ट

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच।

मध्य भारत के ऊपर बने निम्न दबाव के क्षेत्र तथा उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण पहाड़ से लेकर मैदान तक मूसलाधार बारिश का दौर शुरू हो गया है। नदियों में उफान आने से ज्यादातर इलाके बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। भूस्खलन होने के कारण 200 से अधिक सड़कें बंद हो गई हैं, जिससे कई इलाकों से संपर्क टूट गया है। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक भारी बारिश की संभावना जताई है और देश के 12 से अधिक राज्यों के लिए अलर्ट जारी किया है।

उत्तराखंड में यातायात बाधित

उत्तराखंड में भारी बारिश के चलते आदि कैलाश और चीन सीमा को जोड़ने वाली तवाघाट-गुंजी सड़क पिछले दो दिनों से बंद है। इसके कारण व्यास घाटी का संपर्क कट गया है। दारमा और चौदास घाटी को जोड़ने वाली धारचूला-तवाघाट बॉर्डर रोड पर भी आठ घंटे तक यातायात ठप रहा। राज्य में भूस्खलन के कारण 150 से अधिक सड़कों पर यातायात बाधित हुआ, जिससे लोगों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। बुधवार को मूसलाधार बारिश के कारण चार धाम यात्रा मार्ग पर भी दिन भर यातायात बाधित होता रहा। कई लिंक मार्गों के बंद होने से कई गांव अलग-थलग पड़ गए हैं।

Advertisement

जम्मू-कश्मीर में पर्यटक की मौत

जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में भारी बारिश के कारण सहार खड्ड में बाढ़ आ गई, जिससे आसपास के दर्जनों गांवों का जिला मुख्यालय से सीधा संपर्क कट गया। कठुआ में 101.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। अनंतनाग जिले में पहाड़ी से गिरे पत्थर की चपेट में एक इनोवा गाड़ी आने से ओडिशा के एक पर्यटक की मौत हो गई।

हरियाणा में कमांडो का शव बरामद

पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हरियाणा के अंबाला, रोहतक, फरीदाबाद, पलवल, कुरुक्षेत्र, कैथल और जींद के कुछ इलाकों में बारिश हुई। यमुनानगर में हथिनीकुंड बैराज के पास लापता हुए नाहन की पैराट्रूप यूनिट के दो कमांडो में से एक का शव देर शाम बरामद कर लिया गया है। दूसरे कमांडो का अभी तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। सर्च टीम दो हेलिकॉप्टरों की मदद से लगातार तलाश में जुटी हुई है।

बिहार में नदियां खतरे के निशान से ऊपर

बिहार और नेपाल में लगातार हो रही तेज बारिश के कारण राज्य की प्रमुख नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। प्रशासन ने पूरे राज्य में अलर्ट जारी किया है। रोहतास जिले के इंद्रपुरी स्थित सोन बैराज के सभी 69 फाटक खोल दिए गए हैं, जिससे भारी मात्रा में पानी छोड़ा जा रहा है।