बुलंद सोच, भोपाल।

मध्य प्रदेश में रक्षाबंधन के अवसर पर डाक विभाग ने दूर-दराज रहने वाले भाइयों तक राखी भेजने वाली बहनों के लिए एक विशेष सुविधा शुरू की है। इस सुविधा के तहत प्रदेश भर के डाकघरों से स्पीड पोस्ट के जरिए राखी भेजने पर 10 प्रतिशत की छूट प्रदान की जाएगी। यह सुविधा 12 अगस्त से लागू होगी।
‘राखी मेल’ लिखने की अनिवार्यता
छूट का लाभ उठाने के लिए लिफाफे पर बड़े और साफ अक्षरों में ‘राखी मेल’ लिखना अनिवार्य होगा। डाक विभाग द्वारा जारी मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के अनुसार, यदि लिफाफे पर यह नहीं लिखा होगा तो सामान्य स्पीड पोस्ट शुल्क ही लिया जाएगा। ‘राखी मेल’ लिखे होने पर ही डाक को इस विशेष श्रेणी में शामिल कर रियायती शुल्क लिया जाएगा। एक ग्राहक एक बार में अधिकतम पांच राखी मेल स्पीड पोस्ट बुक करा सकेगा।
जांच प्रक्रिया और पात्रता मानदंड
राखी भेजने वालों को लिफाफा खोलकर दिखाने की आवश्यकता नहीं होगी। डाकघर कर्मचारी बाहरी जांच के आधार पर यह सुनिश्चित करेंगे कि भेजी जा रही वस्तु राखी है। बुकिंग के समय काउंटर कर्मचारी इसकी पुष्टि करेंगे, जिसके बाद डाक को राखी मेल की श्रेणी में बुक किया जाएगा। यह सुविधा केवल रिटेल ग्राहकों के लिए है और स्पीड पोस्ट की बुकिंग डाकघर के काउंटर से ही करानी होगी। बीपीएनपीएल, कारपोरेट और बल्क ग्राहकों को इस छूट का लाभ नहीं मिलेगा। 10 प्रतिशत की छूट केवल डाक शुल्क पर लागू होगी; किसी अतिरिक्त या वैल्यू एडेड सेवा पर यह छूट मान्य नहीं होगी।
सुविधा का उद्देश्य और राखी मेल में वृद्धि
डाकघर, भोपाल के प्रवर अधीक्षक जेएस राजपूत ने बताया कि त्योहार के दौरान लोगों की सुविधा को देखते हुए ‘राखी मेल’ की व्यवस्था की गई है। इसका उद्देश्य लोगों को कम शुल्क में राखी सुरक्षित और समय पर भेजने की सुविधा देना है। रक्षाबंधन को देखते हुए भोपाल के डाकघरों में राखी भेजने वालों की संख्या बढ़ गई है। विभाग के अनुसार, अगस्त में राखी से जुड़े डाक की संख्या में करीब 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। लोगों की सुविधा के लिए डाकघरों में राखी मेल की बुकिंग हेतु तीन विशेष काउंटर भी लगाए गए हैं। विभाग राखी भेजने के लिए अलग से विशेष लिफाफे भी उपलब्ध करा रहा है।

