BREAKING NEWS
2026-08-07

रतलाम में पीएम आवास योजना के 182 फ्लैट सील, छह साल से बकाया

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, रतलाम।

रतलाम नगर निगम ने बुधवार को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत डोसीगांव स्थित ईडब्ल्यूएस मल्टी में बड़ी कार्रवाई की। छह साल से बकाया राशि जमा नहीं करने वाले हितग्राहियों के 182 फ्लैट खाली कराकर सील कर दिए गए।

Advertisement

इस कार्रवाई के दौरान कांग्रेस नेता एवं पूर्व विधायक पारस सकलेचा के विरोध के कारण माहौल तनावपूर्ण हो गया।

निगमायुक्त अनिल भाना से पारस सकलेचा की तीखी बहस हुई, जिसमें निगमायुक्त ने कहा, “इतनी ही मोहब्बत है तो आप रुपये जमा करा दो।”

इस पर नाराज सकलेचा ने जवाब दिया, “मैं तुम्हारी नौकरी खा जाऊंगा।”

सुबह करीब नौ बजे निगमायुक्त द्वारा गठित 13 टीमों ने फ्लोरवार कार्रवाई शुरू की थी।

पूर्व विधायक पारस सकलेचा अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे और गरीब परिवारों को बारिश के मौसम में बेदखल करने का विरोध किया। पुलिस ने उन्हें समझाइश देकर हटाने की कोशिश की, लेकिन वे सड़क पर बैठ गए और कहा कि “यहीं मर जाऊंगा।”

उनके समर्थकों ने नारेबाजी शुरू कर दी।

कुछ देर बाद सकलेचा की तबीयत बिगड़ने पर एंबुलेंस बुलाकर उन्हें अस्पताल भेजा गया।

मामले का विवरण

यह मामला वर्ष 2019-20 में बनी प्रधानमंत्री आवास योजना की ईडब्ल्यूएस मल्टी से जुड़ा है। इसमें रेलवे भूमि से विस्थापित हुए 396 परिवारों का पुनर्वास किया गया था।

प्रत्येक हितग्राही को 20 हजार रुपये मार्जिन मनी जमा करनी थी और शेष 1.80 लाख रुपये बैंक ऋण के माध्यम से या एकमुश्त जमा करने थे।

निगम के अनुसार, 166 हितग्राहियों ने बैंक ऋण लिया, जबकि 20 हितग्राहियों ने पूरी राशि जमा कर दी थी। हालांकि, 208 हितग्राहियों ने छह वर्ष तक कोई भुगतान नहीं किया था।