BREAKING NEWS
2026-10-17

रतलाम में पुलिसकर्मी पर हमला, एसपी ने दिए जांच व FIR दर्ज करने के आदेश

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, रतलाम।

सोमवार दोपहर शिवगढ़ में तेजा दशमी के जुलूस के दौरान चेकिंग में चाकू मिलने के बाद हंगामा हो गया। शिवगढ़ थाने के पुलिसकर्मी सुरक्षा व्यवस्था में ड्यूटी कर रहे थे और जुलूस में काफी भीड़ थी। इसी दौरान पुलिसकर्मियों ने कुछ लड़कों के झुंड की तलाशी ली, जिसमें एक युवक के पास से चाकू मिला। आरक्षक कंवरलाल और नितेश जाटव चाकू मिलने वाले युवक से पूछताछ कर रहे थे, तभी आसपास भीड़ जमा हो गई।

Advertisement

आरक्षक पर हमला

चाकू मिलने वाले युवक के दोस्त ने पुलिसकर्मियों से विवाद करते हुए आरक्षक कंवरलाल को चांटा मार दिया। जब आरक्षक ने उसे पकड़ने की कोशिश की, तो युवक ने उनका गला पकड़ लिया। आरक्षक ने युवक के बाल पकड़कर उसे काबू में किया। इस दौरान भी युवक पुलिस से बदतमीजी करता रहा। हंगामा बढ़ने पर आरक्षक नितेश जाटव ने भीड़ को तितर-बितर किया और पुलिसकर्मियों से मारपीट करने पर सख्ती दिखाई। पुलिसकर्मियों ने युवक को बाइक पर बैठाने की कोशिश की, लेकिन वह लगातार विरोध करता रहा। इसके बाद आरक्षक कंवरलाल ने उसे जबरन उठाकर बाइक के बीच में बैठाया और थाने ले गए।

वीडियो वायरल और पहचान

घटना का वीडियो मंगलवार को सामने आया और तेजी से वायरल हो गया। पुलिसकर्मी को चांटा मारने वाले युवक की पहचान 19 वर्षीय मिथुन निवासी खेरखूंटा थाना सरवन के रूप में हुई है। जिस युवक के पास से चाकू बरामद हुआ था, उसकी पहचान 20 वर्षीय बंटू पुत्र थावरा निवासी बरड़ा थाना सरवन के रूप में हुई है।

पुलिस कार्रवाई

पुलिस मिथुन को पकड़कर थाने लाई, जहां उसने माफी मांग ली। इसके बाद उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई और उसे छोड़ दिया गया। थाना प्रभारी रणजीतसिंह मकवाना ने बताया कि चाकू मिलने वाले बंटू के दोस्त मिथुन ने विवाद करते हुए आरक्षक से मारपीट की थी। मकवाना ने यह भी बताया कि मिथुन को थाने लाया गया था, जहां उसने माफी मांग ली, इस कारण उसके खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई। वहीं, चाकू मिलने वाले बंटू के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया है।

एसपी का संज्ञान

मामले में एसपी अमित कुमार ने मामले की जांच एसडीओपी से कराने व आरक्षक की ओर से एफआईआर दर्ज कराने की बात कही है।