बुलंद सोच, ग्वालियर।

मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक व्यक्ति ने कुल्हाड़ी से हमला कर एक कुत्ते को मार डाला। यह घटना हजीरा थाना क्षेत्र की पीएचई कॉलोनी में सोमवार शाम करीब सवा पांच बजे हुई। आरोपी की पहचान होमी जाटव के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, होमी जाटव हाथ में कुल्हाड़ी लेकर अपने घर के आसपास घूम रहे कुत्तों के पीछे दौड़ा। उसने एक कुत्ते को दौड़ाकर पकड़ा और उस पर कुल्हाड़ी से कई वार किए। पहले ही वार में कुत्ता जमीन पर गिर गया, और आरोपी के दोबारा हमला करने पर वह फिर नहीं उठ सका, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हमले के दौरान कुत्ता दर्द से चिल्लाता रहा और करीब 15 मिनट तक तड़पता रहा।
इसके बाद आरोपी ने दूसरे कुत्ते पर भी कुल्हाड़ी से हमला करने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी जान बचाने के लिए वहां से भाग गया। कॉलोनी के लोग इन कुत्तों को खाना खिलाते थे।
पीएचई कॉलोनी निवासी नरेंद्र अहिरवार अपने परिवार के साथ घर के बाहर बैठे थे, जब यह घटना हुई। हमले के दौरान नरेंद्र अहिरवार के छोटे भाई की पत्नी भी आरोपी की चपेट में आने से बाल-बाल बचीं और किसी तरह घर के अंदर जाकर खुद को सुरक्षित किया। जब नरेंद्र अहिरवार ने आरोपी को रोकने की कोशिश की, तो होमी जाटव उनसे विवाद करने लगा।
घटना के बाद नरेंद्र अहिरवार ने हजीरा थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने आरोप लगाया कि होमी जाटव आए दिन विवाद करता है और हथियार लेकर लोगों को डराता है। अहिरवार ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, शिकायतकर्ता का आरोप है कि शिकायत देने के बाद भी पुलिस ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की है।
इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी कुत्ते पर कुल्हाड़ी से हमला करता दिखाई दे रहा है। सीएसपी नागेंद्र सिकरवार ने बताया कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो प्रसारित हो रहा है, जिसमें एक व्यक्ति कुत्ते को मारता हुआ दिख रहा है। इस संबंध में हजीरा थाने में पीएचई कॉलोनी निवासी रोशनी नाम की महिला ने भी एक आवेदन दिया है।
पुलिस वायरल वीडियो और शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है। सीएसपी सिकरवार के अनुसार, पुलिस वीडियो का सत्यापन कर रही है और प्रथम दृष्टया वीडियो में कुत्ते को मारना दिखाई दे रहा है। पुलिस पशु क्रूरता अधिनियम के तहत कार्रवाई कर रही है और व्यक्ति के खिलाफ जल्द ही एफआईआर दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

