बुलंद सोच, रीवा।

रीवा के नेशनल हॉस्पिटल में लिफ्ट हादसे में एक मरीज की मौत हो गई। मृतक की पहचान अमरपाटन के लालपुर निवासी सुरेश सेन के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार, सुरेश पेड़ से गिरने से घायल हो गए थे। उन्हें पहले अमरपाटन हॉस्पिटल ले जाया गया था, जहां से बेहतर इलाज के लिए रीवा के नेशनल हॉस्पिटल रेफर किया गया था।
जानकारी के मुताबिक, मरीज को स्ट्रेचर पर लिफ्ट के जरिए सेकंड फ्लोर पर ले जाया जा रहा था। इस दौरान गार्ड ने परिजनों को सीढ़ियों से आने को कहा था।
सेकंड फ्लोर पर पहुंचते ही गार्ड लिफ्ट से बाहर निकला और स्ट्रेचर को बाहर खींचने लगा। इसी दौरान मरीज का आधा शरीर ही बाहर निकल पाया था कि अचानक लिफ्ट फेल होकर नीचे सरक गई।
लिफ्ट के नीचे सरकने से मरीज का गला उसमें फंस गया और भारी लिफ्ट का पूरा दबाव उसकी गर्दन पर आ गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मरीज करीब दो घंटे तक लिफ्ट में गले के ऊपर से फंसा तड़पता रहा और परिजनों के सामने ही उसने दम तोड़ दिया। उसकी बॉडी दो घंटे तक लिफ्ट में ही फंसी रही।
घटना के बाद अस्पताल में हंगामा मच गया। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी (FIR) दर्ज करने की मांग की है।
इस घटना के बाद यह सवाल उठ रहा है कि बिना सुरक्षा जांच और रखरखाव (मेंटेनेंस) के ऐसी जर्जर लिफ्ट से मरीजों को कैसे ले जाया जा रहा था।

