BREAKING NEWS
2026-10-17

इंदौर: महिला स्वास्थ्यकर्मी से दुष्कर्म का आरोप, सहकर्मी स्वास्थ्य अधिकारी पर मामला दर्ज

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, इंदौर।

इंदौर के समीप खुड़ैल स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कार्यरत एक महिला स्वास्थ्यकर्मी के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आई है। महिला ने आरोप लगाया है कि उसके साथ काम करने वाले स्वास्थ्य अधिकारी ने ही इस वारदात को अंजाम दिया।
महिला के अनुसार, आरोपी उसे विजिट के बहाने स्वास्थ्य केंद्र के एक कमरे में ले गया और वहां चाकू की नोक पर उसके साथ दुष्कर्म किया। साथ ही, उसने महिला के परिवार के सदस्यों को जान से मारने की धमकी भी दी।
महिला द्वारा परिजनों को घटना की जानकारी देने के बाद खुड़ैल थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर सोहेल शेख के खिलाफ मामला दर्ज किया है। सोहेल स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य अधिकारी के पद पर कार्यरत है।

महिला ने अपनी शिकायत में बताया कि आरोपी कई बार उसे अकेले चलने का दबाव बनाता था। घटना वाले दिन भी उसने महिला को पहली मंजिल के एक कमरे में साथ में विजिट करने को कहा।
जब महिला ने इनकार किया, तो आरोपी ने वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत कर उसका तबादला करवाने की धमकी दी। इसके बाद जब महिला कमरे में गई, तो आरोपी ने चाकू निकालकर उसके गले पर अड़ा दिया और दुष्कर्म करने लगा। महिला डर गई और विरोध नहीं कर पाई।
महिला के मुताबिक, वारदात के बाद आरोपी ने उसके परिजनों को भी जान से मारने की धमकी दी। उसने केंद्र में मौजूद अन्य कर्मचारियों को घटना की जानकारी नहीं दी, लेकिन बाद में अपने परिजनों को पूरी बात बताई। इसके बाद परिजन महिला को लेकर खुड़ैल थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई।

Advertisement

शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस टीम स्वास्थ्य केंद्र पहुंची और मौके से साक्ष्य जुटाए।
स्वास्थ्य केंद्र में सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे होने के कारण पुलिस को डिजिटल साक्ष्य नहीं मिल सके। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।