बुलंद सोच, भिंड।

रावतपुरा थाना क्षेत्र के खजुरी गांव में शुक्रवार रात दो लोगों द्वारा एक घर में घुसकर परिवार पर हमला करने का मामला सामने आया है। इस हमले में 60 वर्षीय कल्लन देवी घायल हो गईं।
स्वजनों ने आरोप लगाया है कि दोनों आरोपी दीवार फांदकर घर में घुसे और उनके बेटे नीरज चौहान पर लाठी से हमला किया। बेटे को बचाने पहुंची कल्लन देवी के साथ भी मारपीट की गई।
परिवार ने मारपीट के दौरान कल्लन देवी के कान से सोने का टॉप्स निकालने का आरोप भी लगाया है। घटना के बाद ग्रामीणों की मदद से एक आरोपी देवीसिंह चौहान को पकड़ लिया गया, जबकि रीतेश चौहान भाग निकला।
स्वजनों के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 12 बजे रीतेश चौहान और उसका चचेरा भाई देवीसिंह पुत्र लक्ष्मण सिंह चौहान दीवार फांदकर घर में घुसे। दोनों ने नीरज चौहान पर लाठी से हमला किया, जिससे लाठी पैर में लगने के बाद नीरज चारपाई की आड़ में हो गया।
बेटे पर हमला होते देख कल्लन देवी मौके पर पहुंचीं और उन्होंने अपनी गर्भवती बहू शिल्पी तथा चार वर्षीय पोती पीहू को कमरे में बंद करके सुरक्षित किया। इसके बाद कल्लन देवी ने आरोपियों का सामना किया।
आरोप है कि दोनों आरोपियों ने कल्लन देवी से लाठी-डंडों से मारपीट की। शोर सुनकर नीरज बाहर आया और परिवार के लोगों के साथ मिलकर देवीसिंह को पकड़ लिया।
नीरज का आरोप है कि रीतेश ने अवैध हथियार से फायर करने का प्रयास किया, लेकिन कारतूस मिस हो गया, जिसके बाद वह छत के रास्ते भाग निकला। परिवार का यह भी कहना है कि कुछ अन्य लोग भी आरोपियों के साथ आए थे।
सूचना मिलने पर डायल-112 और रावतपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस देवीसिंह को थाने ले गई। कल्लन देवी की शिकायत पर रीतेश और देवीसिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
स्वजनों का आरोप है कि घटना घर के अंदर हुई, लेकिन एफआईआर में घटनास्थल घर के बाहर का रास्ता बताया गया है। स्वजनों ने यह भी कहा है कि अन्य लोगों को अज्ञात आरोपी के रूप में शामिल नहीं किया गया और सोने का टॉप्स निकालने का आरोप भी एफआईआर में दर्ज नहीं है।
रावतपुरा थाना प्रभारी परशुराम अहिरवार ने बताया कि कल्लन देवी की शिकायत पर दोनों आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

