बुलंद सोच, सागर।
मध्य प्रदेश के सागर जिले के देवरी स्थित ग्राम पंचायत सिंगपुर गंजन के राजा बाबा जंगल में करीब दो हजार ग्रामीण कीमती पत्थर, गुरिया और जवाहरात की खुदाई करने पहुंचे। ये ग्रामीण छोटे-बड़े समूहों में पूरे जंगल में फैलकर गैती और सब्बल जैसे उपकरणों से खुदाई में लगे थे।
शनिवार को थाना प्रभारी हरिराम मानकर पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और लोगों को हटाने लगे। ग्रामीणों ने इससे भड़ककर पथराव शुरू कर दिया।
इस पथराव में एक प्रधान आरक्षक घायल हो गया, वहीं पुलिस वाहन का कांच भी टूट गया।
एसडीएम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, तब तक ग्रामीण वहां से भाग चुके थे।
अफवाह और ग्रामीणों का जमावड़ा
सिंगपुर गंजन से लगे गांव राजा बाबा सिद्ध क्षेत्र के जंगल में कीमती पत्थर मिलने की अफवाह पिछले 10 दिनों से फैली हुई है।
रानी दुर्गावती टाइगर रिजर्व के अधिकारियों ने पिछले दिनों कुछ समूहों को यहां से भगाया था, लेकिन वे अधिक संख्या में वापस लौट आए।
गांव के सरपंच कृष्ण कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि राजा बाबा के जंगल में पिछले 10 दिन से दो हजार से अधिक लोग विभिन्न गांवों से आकर खुदाई कर रहे हैं। अफवाह है कि यहां बहुमूल्य पत्थर, कंकड़, कई प्राचीन लोहे से बनी सामग्रियां और सोने की मालाएं मिल रही हैं।
पूरे जंगल में जगह-जगह टोलियों में ग्रामीण फैले हुए थे।

