मध्य प्रदेश के सागर जिले के देवरी स्थित सिंगपुर गंजन के राजा बाबा जंगल में कीमती पत्थर मिलने की अफवाह के बाद करीब दो हजार ग्रामीण खुदाई करने पहुंच गए। शनिवार को पुलिस टीम ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, जिस पर ग्रामीणों ने पथराव कर दिया। इस घटना में एक प्रधान आरक्षक घायल हो गया और पुलिस वाहन का शीशा टूट गया। गांव के सरपंच ने बताया कि पिछले 10 दिनों से विभिन्न गांवों से लोग आकर यहां खुदाई कर रहे हैं, ऐसी अफवाह है कि बहुमूल्य पत्थर और प्राचीन सामग्रियां मिल रही हैं।
ग्वालियर में हाई कोर्ट के आदेश पर सेवानिवृत्त सैनिक भारत सिंह गुर्जर को उनके मकान का कब्जा दिलाने पहुंची राजस्व अधिकारियों और पुलिस टीम पर हमला किया गया। सैनिक के बेटे हमीर सिंह और बहू सीमा ने टीम पर पथराव किया। उन्होंने गैस सिलेंडर का पाइप निकालकर खुद व बच्चों को मारने की धमकी भी दी। सैनिक को उनके ही मकान से बेदखल कर दिया गया था, जिसके बाद उन्होंने कोर्ट का सहारा लिया। थाटीपुर थाना पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा डालने का मामला दर्ज किया है।