बुलंद सोच, सतना।
सतना जिले के चित्रकूट विधानसभा क्षेत्र में बाघों की लगातार बढ़ती गतिविधियों ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। सोमवार व मंगलवार को अलग-अलग स्थानों पर बाघ दिखाई देने की दो घटनाओं ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी।
एक घटना में ग्राम पंचायत खोडरी के बरहा-डेगरहट रोड पर बाघ दिखाई दिया।
वहीं, दूसरी ओर मझगवां वन परिक्षेत्र के मझगवां-देवलहा मार्ग पर देवलहा के भड़भड़िया नाले के समीप टाइगर वन विभाग की सुरक्षा बाड़ फांदकर सड़क पर आ गया। दोनों घटनाओं की सूचना वन विभाग को दे दी गई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टाइगर कुछ देर सड़क पर चलता रहा और फिर सड़क पार कर कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके) की दिशा में जंगल की ओर बढ़ गया।
ग्रामीणों का कहना है कि चित्रकूट-मझगवां क्षेत्र में अब 30 से अधिक बाघ विचरण कर रहे हैं।
ऐसे में खेतों में काम करने, मवेशी चराने और जंगल जाने वाले लोगों में लगातार डर बना हुआ है।
दो स्थानों पर अलग-अलग दिनों में दो अलग-अलग बाघों की सक्रियता सामने आने के बाद वन विभाग ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है।
विभाग की टीम ने लोगों से जंगल से लगे इलाकों में अकेले न जाने, सुबह-शाम विशेष सतर्कता बरतने और बाघ दिखने पर तत्काल सूचना देने की अपील की है।

