BREAKING NEWS
2026-08-10

टीकमगढ़: लापता 12वीं की छात्रा का शव महेंद्र सागर तालाब में मिला

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, टीकमगढ़।

टीकमगढ़ शहर में एक दिन पहले लापता हुई 12वीं कक्षा की नाबालिग छात्रा का शव शुक्रवार शाम महेंद्र सागर तालाब में बरामद किया गया है।

जानकारी के अनुसार, टीकमगढ़ शहर निवासी यह छात्रा गुरुवार दोपहर अपने घर से निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने अपने स्तर पर उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

Advertisement

इसके बाद परिजनों ने रात करीब आठ बजे कोतवाली पुलिस को छात्रा की गुमशुदगी की सूचना दी। पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर छात्रा की तलाश शुरू कर दी थी।

तलाश के दौरान पुलिस ने शहर के विभिन्न स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में छात्रा दोपहर के समय अकेले जाती हुई दिखाई दी, हालांकि उसके बाद उसकी गतिविधियों का कोई स्पष्ट सुराग नहीं मिल सका।

पुलिस और परिजन लगातार छात्रा की तलाश में जुटे रहे। शुक्रवार शाम करीब 4 बजे महेंद्र सागर तालाब में एक युवती का शव तैरता हुआ दिखने की सूचना मिली।

सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को तालाब से बाहर निकलवाया। परिजनों को पहचान के लिए बुलाया गया, जिन्होंने शव की पहचान गुरुवार से लापता छात्रा के रूप में की।

पंचनामा कार्रवाई के उपरांत शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

कोतवाली थाना प्रभारी रवि भूषण पाठक ने बताया कि छात्रा की गुमशुदगी की सूचना गुरुवार रात प्राप्त हुई थी, जिसके बाद से पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी।

उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में यह मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है, हालांकि अभी किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

थाना प्रभारी ने यह भी बताया कि छात्रा नाबालिग थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने मामला विवेचना में ले लिया है और परिजनों सहित संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है।

अधिकारियों के अनुसार, जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।