बुलंद सोच, शहडोल।
शहडोल के पपौंध थाना में पदस्थ आरक्षक क्रमांक 608 सुरेश सिंह का कथित तौर पर रिश्वत मांगने से जुड़ा एक ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इस कथित ऑडियो के सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक संजय कुमार अग्रवाल ने तत्काल कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक अग्रवाल ने आरक्षक सुरेश सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर पुलिस लाइन में हाजिर होने के आदेश जारी किए हैं।
वायरल ऑडियो में आरक्षक सुरेश सिंह एक मामले में पीड़ित पक्ष से कथित तौर पर पांच हजार रुपये की मांग करते हुए सुनाई दे रहे थे। ऑडियो में आरक्षक द्वारा पीड़ित से रुपये देने पर काम होने की बात कही गई थी, साथ ही काम न होने पर रुपये वापस करने का भी आश्वासन दिया गया था।
पुलिस अधीक्षक संजय कुमार अग्रवाल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल संज्ञान लिया। विभागीय स्तर पर इस मामले की जांच भी की जा रही है। हालांकि, वायरल ऑडियो की सत्यता और उसमें हुई बातचीत की परिस्थितियों की जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट होगी।
इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप की स्थिति है और यह पुलिस विभाग में चर्चा का विषय बनी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि पुलिस की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और जनता के प्रति जवाबदेही बनाए रखना प्राथमिकता है।
पुलिस अधीक्षक का जनता से व्यवहार पर जोर
पुलिस अधीक्षक संजय कुमार अग्रवाल ने जिले के सभी थाना और पुलिस चौकियों में पदस्थ पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को आम लोगों के साथ अच्छा व्यवहार करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस जनता की सहायता और सुरक्षा के लिए है।
पुलिस अधीक्षक ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि किसी पुलिसकर्मी द्वारा आम लोगों के साथ गलत व्यवहार किया जाता है या किसी प्रकार की अनियमितता की शिकायत सामने आती है, तो उसे गंभीरता से लिया जाएगा और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पपौंध थाने के आरक्षक पर हुई कार्रवाई को इसी सख्त रुख से जोड़कर देखा जा रहा है।

