शहडोल के पपौंध थाना में पदस्थ आरक्षक सुरेश सिंह (क्रमांक 608) को रिश्वत मांगने से जुड़े एक कथित ऑडियो के वायरल होने के बाद पुलिस अधीक्षक संजय कुमार अग्रवाल ने निलंबित कर दिया है। वायरल ऑडियो में आरक्षक कथित तौर पर पांच हजार रुपये की मांग करते सुनाई दे रहे थे। पुलिस अधीक्षक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल संज्ञान लिया और विभागीय जांच के आदेश दिए हैं। इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप है। पुलिस अधीक्षक ने सभी पुलिसकर्मियों को जनता के साथ अच्छे व्यवहार और पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश भी दिए हैं, चेतावनी दी है कि अनियमितता पर सख्त कार्रवाई होगी।
ग्वालियर नगर निगम के कार्यपालन यंत्री सुशील कटारे को उनकी सेवानिवृत्ति से एक दिन पहले गुरुवार को ₹6,000 की रिश्वत लेते हुए लोकायुक्त ने रंगे हाथों पकड़ा। उन्हें नगर निगम कार्यालय में ही ठेकेदार से भुगतान के बदले रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया था। निगम ने शुक्रवार को उन्हें सेवानिवृत्त कर दिया। सेवानिवृत्ति पर उन्हें ₹60 लाख रुपये के बजाय केवल ₹25 लाख प्रोविडेंट फंड का चेक मिला, और उनकी अन्य राशि रोक ली गई है। न्यायालय में मामला चलने तक उन्हें पेंशन भी नहीं मिलेगी। वे निगम के सेवानिवृत्ति समारोह में भी उपस्थित नहीं हुए।
लोकायुक्त रीवा ने जल संसाधन विभाग के अमीन रामबरण मिश्रा को 3,000 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी मोनू नापित की माता के पेंशन प्रकरण तैयार करने के एवज में रिश्वत की मांग कर रहा था। मोनू के पिता, स्वर्गीय रामसुचित नापित, जल संसाधन विभाग में चौकीदार थे, जिनका 24 मार्च 2026 को निधन हो गया था। आरोपी पहले भी शिकायतकर्ता से 9,000 रुपये ले चुका था। यह कार्रवाई महानिदेशक लोकायुक्त के निर्देश पर की गई।
इंदौर में लोकायुक्त पुलिस ने भ्रष्टाचार विरोधी कार्रवाई में नगर निगम के जोन क्रमांक 13 की वार्ड प्रभारी मास्टर कर्मी संध्या पथरोड को रिश्वत लेते रंगेहाथों गिरफ्तार किया। शिकायतकर्ता आशीष चौधरी ने संबल योजना के तहत पिता की मृत्यु के बाद स्वीकृत 2 लाख रुपये की राशि दिलाने के बदले 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगे जाने की शिकायत की थी। सत्यापन के बाद तय हुई 15 हजार रुपये की रिश्वत में से, पहली किस्त के तौर पर 5 हजार रुपये स्वीकार करते ही लोकायुक्त टीम ने उन्हें भंवरकुआं में पकड़ा। आरोपियों के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।