BREAKING NEWS
2026-10-17

टीकमगढ़: शराब दुकान में पिस्टल से फायरिंग कर लूट; मुख्य आरोपी कुलदीप यादव पुराना अपराधी

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, टीकमगढ़।

टीकमगढ़ जिले में अपराधियों ने मोहनगढ़ तिगैला (बाबरी) स्थित एक शराब दुकान में गुरुवार देर रात अवैध हथियारों से गोलीबारी और लूटपाट की। यह पूरी घटना दो अलग-अलग सीसीटीवी वीडियो में कैद हुई है।

Advertisement

सामने आए पहले वीडियो में दिख रहा है कि खिड़की के बाहर खड़े बदमाशों ने अचानक पिस्टल से दुकान में बैठे कर्मचारी को निशाना बनाकर सीधी गोली चला दी। इस फायरिंग से कर्मचारी बाल-बाल बचा।

गोलीबारी के तुरंत बाद बदमाशों ने कर्मचारी को डरा-धमकाकर दुकान का दरवाजा खुलवाया और अंदर दाखिल हो गए।

दूसरे वीडियो में मुख्य आरोपी कुलदीप यादव दुकान के अंदर खुलेआम शराब की बोतलें लूटता और वारदात को अंजाम देने के दौरान बेखौफ होकर नाचता तथा अपनी दबंगई का प्रदर्शन करता दिखाई दिया। इस दौरान उसके साथी भी दुकान में रखी शराब की बोतलें समेटते नजर आए।

मुख्य आरोपी की पहचान और आपराधिक इतिहास

पुलिस पड़ताल में शिवराजपुरा गांव निवासी कुलदीप यादव पुत्र जाहर सिंह यादव को वारदात का मुख्य सरगना बताया गया है।

स्थानीय लोगों और पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी कुलदीप यादव एक पुराना शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ मोहनगढ़ और दिगौड़ा थाना क्षेत्रों में अवैध शराब की तस्करी और बिक्री के कई मामले पहले से दर्ज हैं।

पुलिस कार्रवाई

घटना की गंभीरता को देखते हुए देहात थाना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच तेज कर दी है। पुलिस ने मुख्य आरोपी कुलदीप यादव और उसके सहयोगियों की पहचान कर ली है।

टीआई चंद्रजीत सिंह यादव ने बताया कि लूटपाट और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों के ठिकानों पर दबिश दे रही है और शीघ्र ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।