बुलंद सोच, उज्जैन।
उज्जैन के महिदपुर तहसील के ग्राम खुरचेनिया प्रताप में श्रावण माह और बधाई के अवसर पर नेंग मांगने को लेकर दो किन्नर गुटों के बीच विवाद हुआ, जिसमें लाठी-डंडे चले।
बुधवार को एक किन्नर गुट गांव में घर-घर जाकर श्रावण की बधाई और नेंग मांग रहा था। इसी दौरान दूसरा गुट वहां पहुंचा और पहले गुट पर फर्जी किन्नर बनकर नेंग मांगने का आरोप लगाया।
यह कहासुनी हिंसक मारपीट में बदल गई। आरोप है कि दूसरे गुट के लोगों ने लकड़ी और लाठियों से हमला कर तीन लोगों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावरों ने दूसरे पक्ष के तीन लोगों पर लाठियों से हमला किया और उन्हें दौड़ा-दौड़ाकर पीटा।
बीच-बचाव करने पहुंचे ग्रामीणों को भी कथित तौर पर धमकाया गया और वहां से भगा दिया गया।
पूरे घटनाक्रम का वीडियो एक ग्रामीण ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही गांव में आक्रोश फैल गया।
वायरल वीडियो में किन्नर गुट के कुछ सदस्य खुलेआम लाठी-डंडों से हमला करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में बुजुर्गों सहित अन्य लोगों के साथ अभद्र व्यवहार और मारपीट के दृश्य भी नजर आ रहे हैं।
घटना के बाद ग्रामीणों ने चौपाल लगाकर पंचायत की।
पंचायत में निर्णय लिया गया कि भविष्य में किसी भी किन्नर गुट को गांव में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। साथ ही, मांगलिक कार्यक्रमों और अन्य अवसरों पर भी उनसे नेंग लेने-देने पर रोक लगाने का फैसला किया गया।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि कोई गुट दोबारा गांव में आया तो उसके खिलाफ पुलिस में शिकायत कर कानूनी कार्रवाई कराई जाएगी।
ग्रामीणों ने पूरे मामले की लिखित शिकायत पुलिस को सौंपते हुए वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।

