बुलंद सोच, शिवपुरी।

मध्य प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर के निधन की झूठी खबर फेसबुक पर पोस्ट करने के आरोप में करैरा निवासी सौरभ भार्गव पर अमोला थाना पुलिस ने धारा 353(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
यह शिकायत सुभाष कॉलोनी, कमलागंज निवासी हेमंत व्यास द्वारा दर्ज कराई गई थी।
शिकायत के अनुसार, 29 जुलाई को अमोला थाना क्षेत्र के ग्राम सिरसौद के कुछ लोगों ने मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर का चित्र लगाकर एक सांकेतिक अर्थी निकाली थी।
उसी दिन, करैरा निवासी सौरभ भार्गव ने अपने फेसबुक अकाउंट से कई लोगों को टैग करते हुए एक पोस्ट की, जिसमें लिखा था, “ओम शांति नहीं रहे मध्यप्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, सिरसौद के ग्रामीणों ने नम आंखों से दी विदाई., सुबह से मेरा मन दुखी है.”।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि यह सूचना पूरी तरह असत्य और मनगढ़ंत थी, क्योंकि वास्तविकता में मंत्री नई दिल्ली में चिकित्सीय उपचार ले रहे थे।
आरोपी पर एक संवैधानिक पद पर बैठे जनप्रतिनिधि की मृत्यु की झूठी खबर फैलाकर लोकशांति भंग करने, आमजन में भ्रम और भय फैलाने तथा सामाजिक तनाव उत्पन्न करने का आरोप है। इस कृत्य को पूर्व नियोजित षड्यंत्र और दुर्भावनापूर्ण उद्देश्य से किया गया बताया गया है।

