बुलंद सोच, बालाघाट।

गोंदिया-बालाघाट मार्ग पर गोंदिया ग्रामीण थाना क्षेत्र के ग्राम नागरा में सोमवार रात 12 बजे एक भीषण सड़क हादसा हुआ। इस दुर्घटना में तीन वर्षीय बच्चे सहित छह मजदूरों की मौत हो गई और सात लोग गंभीर रूप से घायल हुए।
यह हादसा एक ट्रक और मजदूरों से भरे पिकअप वाहन के बीच जोरदार टक्कर के कारण हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसके परखच्चे उड़ गए।
बालाघाट जिले के किरनापुर क्षेत्र के ग्राम सावरीखुर्द निवासी मजदूर पिकअप वाहन क्रमांक एमपी 15 टी 3495 से रोजगार की तलाश में तेलंगाना के जगतियाल और करीमनगर जा रहे थे।
इसी दौरान नागरा गांव के पास गोंदिया की ओर से आ रहे ट्रक क्रमांक एमएच 35 एजे 2547 ने पिकअप को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप में सवार मजदूर वाहन में फंस गए। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के नागरिक तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही गोंदिया ग्रामीण पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
स्थानीय नागरिकों और पुलिस की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया। सभी घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से गोंदिया जिला सामान्य अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराकर उनके स्वजनों को सौंप दिया गया है। गोंदिया ग्रामीण पुलिस ने इस दुर्घटना का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इस हादसे में जिन लोगों की मौत हुई है, उनमें सावरीखुर्द निवासी आरुष मात्रे (3 वर्ष), लोड़ाना निवासी किरण संतोष वैद्ये (26 वर्ष), किन्ही निवासी संतोष मात्रे (38 वर्ष) और सुशीला मात्रे (35 वर्ष), तथा नीमदेवाड़ा निवासी रूपसेन सत्यकर (35 वर्ष) और ज्योति सत्यकर (32 वर्ष) शामिल हैं।
गंभीर रूप से घायल हुए लोगों में भूमेश्वर मात्रे (47 वर्ष), संगीता मात्रे (35 वर्ष), राजेंद्र पंचाले (30 वर्ष), लक्ष्मी पंचाल (27 वर्ष), संतोष वैद्ये (35 वर्ष), राकेश बाहे (24 वर्ष) और पिकअप चालक संदीप बाहे शामिल हैं। इन सभी घायलों का उपचार गोंदिया के जिला अस्पताल में चल रहा है।

