बुलंद सोच, भिंड।

जिले में शुक्रवार को दो महिलाएं सर्पदंश का शिकार हुईं। देहात थाना अंतर्गत सिद्ध बाबा का पुरा बबेड़ी निवासी 55 वर्षीय नारायणी देवी बघेल पत्नी कोकसिंह बघेल को घर में काम करते समय सांप ने डस लिया। सांप ने उनके पैर में डसा, जिसके बाद नारायणी देवी की हालत गंभीर हो गई। स्वजन उन्हें तत्काल इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया। फरियादी जगमोहन पुत्र बहादुर सिंह बघेल निवासी सिद्ध बाबा का पुरा ने बताया कि नारायणी देवी उनकी चाची थीं और घर में काम करते समय सांप ने उन्हें पैर में डसा था। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
खेत में चारा काट रही महिला गंभीर
भारौली थाना क्षेत्र के नंदरौली गांव में शुक्रवार दोपहर करीब 12:30 बजे खेत पर चारा काटते समय एक महिला को सांप ने डस लिया। नंदरौली निवासी 34 वर्षीय सगुना पत्नी स्वर्गीय छुटंगी कुशवाह खेत में चारा काट रही थीं, इसी दौरान अचानक सांप ने उनके हाथ की अंगुली में डस लिया। सांप के डसने के बाद सगुना की हालत बिगड़ने लगी और उन्होंने घटना की जानकारी स्वजनों को दी। महिला के पिता लक्ष्मण सिंह कुशवाह को घटना की जानकारी मिली तो वह तत्काल सगुना को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। अस्पताल में डॉक्टरों ने महिला की जांच कर प्राथमिक उपचार किया। इसके बाद उनकी स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए ग्वालियर रेफर कर दिया।

