बुलंद सोच, भिंड।

भिंड जिले के मौ कस्बे में स्कूल जाने के लिए सोमवार सुबह साइकिल से निकले 16 वर्षीय छात्र की पानी भरे गड्ढे में डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने मंगलवार सुबह तलाश के दौरान गांव से कुछ दूरी पर सड़क किनारे बने गड्ढे से छात्र का शव बरामद किया। मृतक की पहचान मौ थाना क्षेत्र के ग्राम छैंकुरी निवासी मानव शाक्य पुत्र विक्रम शाक्य के रूप में हुई है। मानव मौ कस्बे के सरकारी हायर सेकंडरी स्कूल में कक्षा नौवीं का छात्र था।
लापता होने के बाद तलाश
मानव सोमवार सुबह लगभग 6:30 बजे साइकिल से स्कूल जाने के लिए घर से निकला था। दोपहर तक उसके घर नहीं लौटने पर स्वजनों ने तलाश शुरू की। कहीं पता नहीं चलने पर स्वजनों ने थाने में सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर छात्र की तलाश शुरू की।
शव और साइकिल की बरामदगी
मंगलवार सुबह करीब 11 बजे तलाश के दौरान पुलिस को गांव से कुछ दूरी पर सड़क किनारे बने गड्ढे के पास छात्र की साइकिल दिखाई दी। गड्ढे में पानी भरा था, जिसकी तलाशी लेने पर मानव का शव उसमें मिला।
हादसे का कारण
पुलिस जांच में सामने आया कि मानव साइकिल के पीछे लगे कैरियर पर बैठकर साइकिल चलाता था। स्कूल जाते समय उसकी साइकिल अनियंत्रित होकर पानी भरे गड्ढे में चली गई। छात्र सिर के बल गड्ढे में गिर गया और उसका पैर साइकिल में फंस गया, जिससे पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई। मौ थाना टीआई रघुवीर सिंह मीणा के अनुसार, प्रारंभिक जांच में साइकिल अनियंत्रित होकर गड्ढे में गिरने और छात्र का पैर साइकिल में फंसने से बाहर न निकल पाने की बात सामने आई है। मामले की बारीकी से जांच की जा रही है।

