BREAKING NEWS
2026-10-17

बड़वानी में अवैध शराब पर बड़ी कार्रवाई: 33 आरोपी गिरफ्तार, 370.6 लीटर शराब जब्त

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, बड़वानी।

जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए बड़वानी पुलिस द्वारा एक विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 33 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के साथ ही बड़ी माता में अवैध शराब और महुआ लहान जब्त किया गया। पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल के मार्गदर्शन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में गठित टीमों ने अवैध शराब के संदिग्ध ठिकानों और निर्माण स्थलों पर एक साथ दबिश दी। इस व्यापक कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 33 आरोपियों के विरुद्ध 33 आबकारी प्रकरण पंजीबद्ध किए हैं। मौके से 370.6 लीटर अवैध शराब जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत ₹43,900/- है। इसके अतिरिक्त, अवैध शराब बनाने के उद्देश्य से तैयार किया गया 9,100 किलोग्राम महुआ लहान मौके पर ही पूरी तरह नष्ट कर दिया गया, जिसका अनुमानित मूल्य ₹9,10,000/- है। पुलिस अधीक्षक शुक्ल ने बताया कि जिले में अवैध शराब की गतिविधियों में संलिप्त असामाजिक तत्वों पर पुलिस की पैनी नजर है। उन्होंने कहा कि किसी भी सूरत में अवैध शराब के कारोबार को पनपने नहीं दिया जाएगा। बड़वानी पुलिस का यह अभियान आमजन को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Advertisement

एमडी मादक पदार्थ: रतलाम पुलिस की बड़वानी में जांच

रतलाम जिले में लगभग 100 ग्राम एमडी मादक पदार्थ की जब्ती के बाद अब इसकी कड़ियां बड़वानी तक पहुँचती नजर आ रही हैं। मामले की जांच के सिलसिले में रतलाम पुलिस की एक विशेष टीम ने बड़वानी पहुँचकर कुछ संदिग्धों से पूछताछ की। पुलिस टीम ने अपने पास उपलब्ध जानकारी के आधार पर संदिग्धों से प्रारंभिक पूछताछ कर मादक पदार्थ के संभावित नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटाई। दरअसल, रतलाम जिले के रिंगनोद थाना पुलिस ने पिछले दिनों महू-नीमच फोरलेन पर कार्रवाई करते हुए एक कार को रोककर तलाशी ली थी। कार से लगभग 100 ग्राम एमडी मादक पदार्थ बरामद हुआ था, जिसकी कीमत लगभग ₹10 लाख बताई गई। पुलिस ने कार में सवार पाँच युवकों को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार आरोपियों में इंदौर, खरगोन और बड़वानी जिले के युवक शामिल थे। इनमें अंजड़ क्षेत्र के इमरान मंसूरी और शाहरुख मंसूरी भी शामिल बताए गए हैं। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की। इसी दौरान बड़वानी से जुड़े कुछ संदिग्धों और मादक पदार्थ की आपूर्ति से संबंधित जानकारी मिलने के बाद रतलाम पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई। बड़वानी टीआई बलजीत सिंह बिसेन ने बताया कि रतलाम पुलिस की टीम बड़वानी आई थी और मामले से जुड़े संदिग्धों से पूछताछ की गई है। रतलाम पुलिस अब मादक पदार्थ के स्रोत, आपूर्तिकर्ताओं, संभावित खरीदारों और पूरे नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच और पूछताछ में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर की जाएगी।

उमरिया में आबकारी विभाग की कार्रवाई

सागर जहरीली शराब कांड के बाद उमरिया में अलर्ट जारी किया गया है। आबकारी विभाग ने कार्रवाई करते हुए महरोई-उजनिया में भट्ठियां पाई हैं।