बुलंद सोच, भोपाल।

भोपाल के अशोका गार्डन थाना क्षेत्र में 80 फीट रोड पर देर रात ऑटो और बाइक की टक्कर के बाद विवाद बढ़ गया। बाइक सवार युवकों ने ऑटो चालक के साथ मारपीट की, जिसके बाद मौके पर जुटी भीड़ ने युवकों को पकड़ लिया और उनकी पिटाई शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, ऑटो चालक अदनान उर्फ अयान खान पर अभिषेक ठाकुर की बाइक को कट मारने का आरोप है। बाइक पर पीछे बैठे अभिषेक के दोस्त को चोट लगने के बाद विवाद शुरू हुआ। आरोप है कि अभिषेक और उसके साथियों ने ऑटो चालक को सड़क पर रोककर उसके साथ मारपीट की।
वहीं, प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हादसे में ऑटो चालक की गलती नहीं थी। उनके मुताबिक बाइक सवार युवक रॉन्ग साइड से आए और ऑटो को टक्कर मार दी। इसके बाद उन्होंने ऑटो चालक के साथ मारपीट शुरू कर दी।
मारपीट होते देखकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। इसके बाद स्थिति बदल गई और लोगों ने बाइक सवार युवकों को पकड़कर पीटना शुरू कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लोगों ने पहले युवकों को ऑटो चालक के साथ मारपीट करते देखा। इससे नाराज भीड़ ने युवकों को घेर लिया। देखते ही देखते करीब आधा दर्जन युवकों के साथ मारपीट शुरू हो गई। सड़क पर हंगामा होने से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।
पुलिस का कहना है कि बाद में ऑटो चालक और युवकों के बीच दोबारा मारपीट हुई। हालांकि, प्रत्यक्षदर्शियों ने ऑटो चालक द्वारा अपने साथियों को बुलाने की बात से इनकार किया है।
पुलिस कार्रवाई और समझौता
अशोका गार्डन थाना पुलिस के अनुसार, घटना के बाद दोनों पक्ष थाने पहुंचे। हालांकि, दोनों में से किसी ने भी एक-दूसरे के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने से इनकार कर दिया। दोनों पक्षों ने लिखित समझौता कर लिया और एक-दूसरे के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने की बात कही।
घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। वीडियो में सड़क पर मारपीट और लोगों की भीड़ दिखाई दे रही है।

