BREAKING NEWS

Latest News

भोपाल: ऑटो-बाइक टक्कर के बाद विवाद, चालक से मारपीट के बाद भीड़ ने युवकों को पीटा

भोपाल के अशोका गार्डन थाना क्षेत्र में देर रात ऑटो और बाइक की टक्कर के बाद विवाद बढ़ गया। ऑटो चालक अदनान उर्फ अयान खान पर बाइक सवार अभिषेक ठाकुर ने कट मारने का आरोप लगाया, जिसके बाद अभिषेक और उसके साथियों ने ऑटो चालक से मारपीट की। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक रॉन्ग साइड से आई थी। घटना के बाद मौके पर मौजूद भीड़ ने बाइक सवार युवकों को पकड़कर पीटा। इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। दोनों पक्ष बाद में अशोका गार्डन थाने पहुंचे और एफआईआर दर्ज कराए बिना लिखित समझौता कर लिया।

सेवानिवृत्त निगम कर्मचारी से 78 हजार रुपये की ठगी, अस्पताल में भर्ती मामा के इलाज का दिया झांसा

भोपाल के अशोका गार्डन क्षेत्र में एक सेवानिवृत्त निगम कर्मचारी जुगल किशोर श्रीवास्तव से साइबर ठग ने 78 हजार रुपये की ठगी की है। ठग ने 18 जुलाई को फोन कर खुद को शर्मा बताया और कहा कि उसके मामा को हृदय रोग है तथा वे अस्पताल में भर्ती हैं, जिसके इलाज के लिए तत्काल पैसों की आवश्यकता है। भरोसे में आए श्रीवास्तव ने पहले डॉक्टर के बताए यूपीआई पर 25 हजार, 20 हजार और 23 हजार रुपये भेजे, फिर ठग के अपने यूपीआई पर 10 हजार रुपये ट्रांसफर किए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

भोपाल के अशोका गार्डन स्थित महिंद्रा शोरूम से 11.75 लाख की स्कॉर्पियो चोरी

भोपाल के अशोका गार्डन थाना क्षेत्र स्थित महिंद्रा के सीआई ऑटोमोटर्स शोरूम से लगभग 11.75 लाख रुपये की एक स्कॉर्पियो चोरी हो गई है। वाहन मालिक सर्विस और बॉडी रिपेयर के बाद गाड़ी लेने पहुंचा तो उसे पार्किंग में अपनी स्कॉर्पियो नहीं मिली। घटना के बाद शोरूम प्रबंधन और ग्राहक दोनों सकते में आ गए। पुलिस को सूचना मिलने पर अशोका गार्डन थाना पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही शोरूम की सुरक्षा व्यवस्था की भी जांच कर रही है।