BREAKING NEWS
2026-10-17

बीजेपी विधायक प्रीतम सिंह लोधी के सरकारी आवास में चोरी

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, भोपाल।

राजधानी भोपाल के वीआईपी माने जाने वाले 45 बंगला क्षेत्र में चोरों ने भाजपा विधायक प्रीतम सिंह लोधी के सरकारी आवास को निशाना बनाया है। शिवपुरी जिले के पिछोर से विधायक प्रीतम सिंह लोधी के सूने सरकारी आवास का ताला तोड़कर चोरों ने स्कूटी, दो गैस सिलिंडर और घर में लगीं टोंटियों समेत अन्य सामान चुरा लिया।

Advertisement

वारदात का खुलासा और चोरी का तरीका

विधायक का निजी सहायक (पीए) राजेश लोधी गुरुवार को आवास पर पहुंचे, तब इस वारदात का पता चला। पुलिस के अनुसार, चोरों ने आवास के मेन गेट का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद बाहर बरामदे में रखी स्कूटी और फिर कमरे का ताला तोड़कर घर में रखे दो सिलिंडर चुरा लिए। जब उन्हें और सामान नहीं मिला, तो बाथरूम और सिंक की टोंटियां भी उखाड़कर ले गए।

जुलाई से बंद था आवास

विधानसभा सत्र समाप्त होने के बाद विधायक प्रीतम सिंह लोधी 23 जुलाई को अपने घर चले गए थे। उनके साथ सरकारी आवास पर तैनात स्टाफ भी चला गया था। इसके बाद से यह आवास बंद था और उस पर ताला लगा हुआ था।

सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

लंबे समय तक बंद रहे इस मकान की सुरक्षा और निगरानी की व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। हाई सिक्योरिटी जोन माने जाने वाले 45 बंगला क्षेत्र में विधायक के सरकारी आवास का ताला टूटना पुलिस की गश्त व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करता है। यह प्रश्न उठता है कि जब वीआईपी इलाके में चोर बेखौफ होकर वारदात कर रहे हैं, तो पुलिस की नियमित पेट्रोलिंग और निगरानी किस काम आ रही है।

पूर्व में भी हुई ऐसी वारदातें

इससे पहले भी राजधानी में मंत्री और पूर्व मंत्रियों के आवास चोरी का शिकार हो चुके हैं। अगस्त 2026 में चार इमली स्थित पूर्व मंत्री अजय सिंह विश्नोई के सरकारी बंगले का ताला तोड़कर टोंटियां चोरी हुई थीं। अप्रैल 2026 में मंत्री विश्वास सारंग के सरकारी आवास से चोर शील्ड चुरा ले गए थे। करीब एक साल पहले बागसेवनिया थाने के सामने पूर्व मंत्री राजकुमार पटेल के सूने मकान में भी चोरी हुई थी।