बुलंद सोच, भोपाल।

प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी)-2.0 के तहत पात्र परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराने के लिए प्रदेशभर में 17 अक्टूबर तक एक विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के दौरान नगरीय क्षेत्रों में 30 हजार नए आवासों को स्वीकृति प्रदान की जाएगी।
इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए सभी नगरीय निकायों में विशेष शिविर लगाए जाएंगे। नगरीय विकास आयुक्त संकेत भोंडवे ने सभी नगरीय निकायों को निर्धारित समयसीमा में लक्ष्य प्राप्त करने के दिशा-निर्देश दिए हैं।
इसके तहत नगर परिषदों को न्यूनतम 50, नगर पालिकाओं को 100 और नगर पालिका निगमों को 500 नए आवासों की स्वीकृति का न्यूनतम लक्ष्य दिया गया है।
अभियान के दौरान पहले से स्वीकृत आवासों के हितग्राहियों को पहली और दूसरी किस्त का शत-प्रतिशत एवं समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा।
इन शिविरों में पात्र हितग्राहियों को योजना की जानकारी, पात्रता मानदंड और आवश्यक दस्तावेजों की सूचना देने के साथ ही, आवास स्वीकृति की प्रक्रिया को सरल और त्वरित बनाया जाएगा।

