BREAKING NEWS

मंडला के डबल मनी प्रकरण में छह आरोपी गिरफ्तार, 1.75 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, मंडला।

मंडला के बहुचर्चित डबल मनी प्रकरण में कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

Advertisement

आरोपियों पर लोगों को कम समय में जमा पूंजी दोगुनी कर लौटाने का लालच देकर निवेश कराने और धोखाधड़ी करने का आरोप है।

पुलिस को अब तक लगभग 1.75 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी संबंधी शिकायतें प्राप्त हुई हैं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 32 लाख रुपये नकद सहित करीब 66.50 लाख रुपये का माल जब्त किया है।

पुलिस अधीक्षक राजेश रघुवंशी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव कुमार वर्मा के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी मंडला पीयूष मिश्रा के नेतृत्व में इस प्रकरण की जांच के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया था।

इन टीमों ने आरोपियों की तलाश में नागपुर, गोंदिया, मुंबई और बालाघाट सहित विभिन्न स्थानों पर पतासाजी की।

पतासाजी के बाद गोंदिया, बालाघाट और मंडला में दबिश देकर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

जांच में सामने आया है कि आरोपी लोगों को कम समय में राशि दोगुनी करके वापस करने का लालच देते थे, जिससे लोगों ने अपनी जमा पूंजी निवेश की।

पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर निवेशकों की पहचान, उनसे प्राप्त राशि और आपसी वित्तीय लेन-देन की जानकारी जुटा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम

पुलिस ने राजिक कुरैशी (31, निवासी वैहर रोड, मक्का मस्जिद के पास, बालाघाट), मोहसिन उर्फ समीम खान (32, निवासी इलाही चौक, स्वामी सीताराम वार्ड, मंडला), अब्दुल समीर शेख (30, निवासी मास्टर कॉलोनी, गोंदिया), रासिद खान (36, निवासी राजीव कॉलोनी, देवदरा, मंडला), साजिद खान (40, निवासी राजीव कॉलोनी, देवदरा, मंडला) और इमरान शेख (26, निवासी मास्टर कॉलोनी, गोंदिया) को गिरफ्तार किया है।

जब्त किया गया माल

आरोपियों से 32 लाख रुपये नकद, लगभग 3.50 लाख रुपये की तीन स्कूटी, करीब 10 लाख रुपये की मारुति ब्रेजा कार, लगभग 20 लाख रुपये की हुंडई अल्काजार कार और करीब 50 हजार रुपये कीमत का एक मोबाइल फोन जब्त किया गया है। कुल जब्त माल की अनुमानित कीमत 66.50 लाख रुपये बताई गई है।

जांच में यह भी सामने आया कि जब्त की गई हुंडई अल्काजार कार पहले गिरवी रखी हुई थी। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने कथित रूप से धोखाधड़ी से प्राप्त राशि में से 11 लाख रुपये नकद देकर यह कार छुड़ाई थी।

धोखाधड़ी से प्राप्त राशि का उपयोग कार, स्कूटी और मोबाइल फोन खरीदने में किए जाने की जानकारी भी सामने आई है।

मुख्य आरोपी राजिक कुरैशी के विरुद्ध महाराष्ट्र के नागपुर जिले के नंदनवन थाने में भी धोखाधड़ी का एक अपराध पंजीबद्ध होना सामने आया है।

पुलिस के अनुसार, वह उक्त मामले में जमानत पर चल रहा है।

कार्रवाई में शामिल पुलिसकर्मी

इस कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक शफीक खान, निरीक्षक संजीव उइके, ओपी रावत, आनंद बागवान, सहायक उपनिरीक्षक भूमेश्वर बामनकर, माया राम धुर्वे, प्रधान आरक्षक रविंद्र परते, प्रीतम उइके तथा आरक्षक मृदुल, रमेश, प्रियांश, यमुना प्रसाद, जगदीश आदर्श और सुरेश भटेरे की अहम भूमिका रही।