BREAKING NEWS
2026-10-17

देवास में चलती स्कॉर्पियो में लगी आग, पुलिस ने यात्रियों को सुरक्षित बचाया

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, देवास।

देवास जिले में 1-2 अक्टूबर की मध्यरात्रि पुलिस की रात्रि गश्त और वाहन चेकिंग के दौरान भोपाल बायपास नाकाबंदी पॉइंट पर एक चलती स्कॉर्पियो में अचानक आग लग गई। यह आग वाहन की आगे की लाइट के पास शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। नाकाबंदी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने तुरंत वाहन रुकवाया और उसमें सवार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। पुलिसकर्मियों ने उपलब्ध संसाधनों का उपयोग कर आग पर काबू पाया। समय रहते की गई इस कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया। पुलिस के अनुसार, स्कॉर्पियो उज्जैन से बैरसिया की ओर जा रही थी और नाकाबंदी पॉइंट पर चेकिंग के दौरान ही उसमें आग लगी थी। पुलिसकर्मियों ने पहले वाहन में सवार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला और उसके बाद आग बुझाई। इस दौरान जिलेभर में रात्रि गश्त और वाहन चेकिंग भी की गई। शहरी क्षेत्र में 186 और ग्रामीण क्षेत्र में 145 सहित कुल 331 वाहनों की जांच की गई। साथ ही, 17 निगरानीशुदा गुण्डों और तीन हिस्ट्रीशीटरों की भी चेकिंग की गई।

Advertisement

उदयनगर में फरार वारंटी गिरफ्तार

उदयनगर पुलिस ने अलग-अलग अपराधों में कई वर्षों से फरार चल रहे वारंटियों को गिरफ्तार किया है। ये वारंटी दो साल से लेकर 17 साल तक की अवधि से फरार थे। एसडीओपी बागली संजय सिंह बैस के निर्देशन में, थाना प्रभारी विजेन्द्र सिंह सोलंकी की टीम ने बुधवार रात कांबिंग गश्त के दौरान इन वारंटियों को पकड़ा। पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, भुवान उर्फ धुवांन सिंह निवासी सुतारीपुरा 17 साल से फरार था और उसके तीन स्थाई वारंट जारी हुए थे। हजारी भिलाला निवासी लक्ष्मीनगरकादूड़िया 16 वर्ष से फरार था, जबकि हरि सिंह भिलाला निवासी नीमखेड़ा 12 वर्ष से फरार था। सुनील मानकर निवासी इंदौर, भईया उर्फ भाया कोली निवासी पीपरी और पवन कोली निवासी पीपरी प्रत्येक पांच वर्ष से फरार थे। पवन कोली के खिलाफ दो स्थाई वारंट भी जारी थे। हुकुम बेलदार निवासी रामपुरा पटपड़ी दो वर्ष से फरार था।