BREAKING NEWS
2026-10-17

पुलिस पर हमला करने वाले आरोपी को थाने में विशेष सुविधाएँ; हवलदार लाइन अटैच

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, भोपाल।

यह मामला 16-17 सितंबर की रात का है, जब पुलिस टीम शाहपुरा से साइबर ठगी के संदेहियों को लेकर कमला नगर थाने लौट रही थी। रास्ते में नेहरू नगर चौराहे पर करणी सेना के जिलाध्यक्ष हेमंत ठाकुर उर्फ राजपूत और उसके साथी शराब के नशे में हुड़दंग कर रहे थे। पुलिसकर्मियों द्वारा उन्हें हटने की सलाह देने पर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि हेमंत ने अपने साथियों के साथ पुलिस वाहन को रुकवाकर पुलिसकर्मियों से गाली-गलौज की और मारपीट भी की। इस घटना के बाद हेमंत को गिरफ्तार किया गया था, जबकि उसके दो साथी थाने से फरार हो गए थे।

Advertisement

थाने में विशेष सुविधाओं पर सवाल

कमला नगर थाने में गिरफ्तार हेमंत ठाकुर को दी गई सुविधाओं और उसके साथ पुलिस के व्यवहार को लेकर अब थाने की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए जा रहे हैं। आरोप है कि हिरासत के दौरान हवलदार दीपक कटियार ने हेमंत के लिए पसंद का भोजन और फल मंगवाए। इतना ही नहीं, उसने हेमंत को अपनी निजी कार में घुमाया और निर्धारित प्रक्रिया के विपरीत सादे कपड़ों में जुलूस भी निकलवाया। दीपक कटियार लंबे समय से कमला नगर थाने में पदस्थ था और गुंडा स्क्वाड का भी हिस्सा रह चुका है।

थाना प्रभारी के निर्देशों की अवहेलना

थाना प्रभारी निरूपा पांडे ने जुलूस निकालने के निर्देश दिए थे, लेकिन हवलदार दीपक कटियार उसे थाने के बजाय अपनी निजी कार से लेकर गया। पुलिस पर यह भी आरोप है कि वह निर्धारित स्थान से आगे तक उसे घुमाता रहा और बाद में जुलूस वर्दी की जगह सादे कपड़ों में निकाला गया। थाना प्रभारी निरूपा पांडे का कहना है कि दीपक ने उनके निर्देशों की अवहेलना की थी। उन्होंने यह भी बताया कि दीपक के खिलाफ पहले भी कई शिकायतें थीं, जिन्हें वरिष्ठ अधिकारियों के संज्ञान में लाया गया था।

हवलदार को लाइन अटैच किया गया

इस मामले में डीसीपी ने हवलदार दीपक कटियार को लाइन में पदस्थ करने का आदेश जारी किया है।