बुलंद सोच, भोपाल।

भोपाल के बागसेवनिया थाना क्षेत्र में जल संसाधन विभाग की सेवानिवृत्त अधिकारी ज्योति उरकुड़े ने अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि 65 वर्षीय ज्योति उरकुड़े कुछ समय पहले पति और बड़े बेटे के निधन के बाद से अवसाद से जूझ रही थीं। वह अपने छोटे बेटे के साथ रामेश्वरम मल्टी में रहती थीं।
उनका छोटा बेटा अपनी पत्नी के साथ कुछ दिन के लिए बिलासपुर गया हुआ था। गुरुवार रात करीब नौ बजे जब वह घर लौटा तो ज्योति उरकुड़े अपने कमरे में फंदे पर लटकी मिलीं।
बेटे ने बिलासपुर जाने से पहले एक परिचित से मां का हालचाल लेने और उन्हें भोजन उपलब्ध कराने के लिए कहा था।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।

