BREAKING NEWS
2026-10-17

भोपाल में दतिया की RTO इंस्पेक्टर की हत्या, प्रेमी ने शादी से इनकार पर हथौड़े से ली जान, फिर की आत्महत्या

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, भोपाल।

भोपाल के खजूरी सड़क थाना क्षेत्र स्थित लेकपर्ल कॉलोनी में एक वारदात सामने आई है। दतिया में पदस्थ 45 वर्षीय आरटीओ इंस्पेक्टर मीनाक्षी गोखले की उनके दोस्त पवन द्विवेदी के मकान में संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गई।

Advertisement

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस को मृतका के सिर पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। घटनास्थल से शव के पास ही खून से सना एक हथौड़ा भी बरामद हुआ है, जिससे वारदात में इसी हथियार के इस्तेमाल की आशंका जताई जा रही है।

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त संजीव पाठक के अनुसार, प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पवन द्विवेदी मीनाक्षी गोखले से शादी करना चाहता था। हालांकि, मीनाक्षी इस विवाह के लिए बिल्कुल तैयार नहीं थीं। पुलिस को अंदेशा है कि रविवार देर रात इसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस और विवाद हुआ होगा।

विवाद बढ़ने पर पवन ने मीनाक्षी के सिर पर हथौड़े से कई वार कर दिए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी पवन ने घर से महज 20 मीटर की दूरी पर स्थित एक पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।

पुलिस को तलाशी के दौरान पवन द्विवेदी की जेब से एक बैंक पासबुक भी बरामद हुई है। पुलिस फिलहाल इस पूरे मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।