बुलंद सोच, भोपाल।

दैनिक भास्कर ऐप का ‘भास्कर समाधान’ सेगमेंट भोपाल के विभिन्न वार्डों से सामने आ रही जनसमस्याओं के समाधान में प्रभावी साबित हो रहा है। इस मंच के माध्यम से नागरिक अपनी शिकायतें सीधे संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों तक पहुंचा रहे हैं। शिकायतें दर्ज होने के बाद संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधि उन पर संज्ञान लेकर कार्रवाई करते हैं, जिससे नागरिकों को समय पर राहत मिलती है।
नारियल खेड़ा निवासी आशीष डामेरिया ने शिकायत दर्ज कराई थी कि बारिश के कारण क्षेत्र की सड़क पूरी तरह खराब हो गई है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे होने से आवागमन में काफी कठिनाई हो रही थी और दोपहिया वाहन चालक अक्सर गिरकर घायल हो रहे थे।

इस शिकायत के बाद वार्ड-12 के पार्षद देवेंद्र भार्गव ने संज्ञान लिया और संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि बारिश के कारण फिलहाल सड़क का अस्थायी मरम्मत कार्य कराया जा रहा है, ताकि लोगों का आवागमन सुगम हो सके। बारिश का मौसम समाप्त होने के बाद सड़क की स्थायी मरम्मत की जाएगी।
वाई.पी. पयासी ने शिकायत की थी कि आराधना नगर रोड, नेहरू नगर में कई महीनों से स्ट्रीट लाइट बंद पड़ी थी, जिससे रात के समय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

शिकायत के बाद वार्ड-29 के पार्षद देवांशु कसाना ने मामले पर संज्ञान लिया और संबंधित विभाग से स्ट्रीट लाइट की मरम्मत करवाई। अब लाइट चालू होने से क्षेत्रवासियों को राहत मिली है और रात में आवागमन सुरक्षित हो गया है।
नई जनशिकायतें
भोपाल के विभिन्न क्षेत्रों से खुला टैंक, बंद स्ट्रीट लाइट, सीवेज और कचरे की समस्याएँ सामने आ रही हैं, जिनसे लोग परेशान हैं।

रमेंद्र वर्मा ने भास्कर समाधान पर शिकायत दर्ज कराई है कि बीडीए सालिया फेज-2, डी सेक्टर, अमेज़न गोदाम के पीछे, पटीदार स्क्वायर के पास एक टैंक का ढक्कन खुला पड़ा है। ढक्कन रहित टैंक होने के कारण किसी भी समय बड़ा हादसा होने का खतरा बना हुआ है।
जुनैद ने भास्कर समाधान पर शिकायत की है कि रंभा नगर, वार्ड-15, डिग बंगला, बेरसिया रोड स्थित दानिश हेयर सैलून के पास पिछले छह महीनों से पोल की स्ट्रीट लाइट बंद है। अंधेरा रहने के कारण कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं और कई लोग नाली में गिर गए हैं।

सुधीर सिंह ने भास्कर समाधान पर शिकायत दर्ज कराई है कि राजहंस भोजनालय रोड, राधे कृष्णा कॉम्प्लेक्स, एमपी नगर जोन-2 के पास लंबे समय से सीवेज का गंदा पानी सड़क पर बह रहा है। नगर निगम में शिकायत दर्ज कराने के बाद भी इस समस्या का समाधान नहीं हुआ है, जिससे राहगीरों और स्थानीय व्यापारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
भूपेंद्र तिवारी ने भास्कर समाधान पर शिकायत दर्ज कराई है कि अर्जुन नगर, 1250 तुलसी टावर के सामने पिछले लगभग एक महीने से सड़क किनारे लगातार कचरा फेंका जा रहा है। इसके कारण क्षेत्र में बदबू और गंदगी का माहौल बन गया है। उन्होंने नगर निगम से यहां स्थायी कचरा संग्रहण की व्यवस्था करने और नियमित सफाई कराने की मांग की है।

'भास्कर समाधान' मंच की भूमिका
दैनिक भास्कर ऐप का ‘भास्कर समाधान’ एक डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जहां शहरवासी अपने क्षेत्र की नागरिक समस्याओं को सीधे पोस्ट कर सकते हैं। यह मंच आमजन और प्रशासन के बीच संवाद का माध्यम बन रहा है।
समस्या का समाधान होने पर शिकायतकर्ता इसकी जानकारी ऐप पर अपडेट कर सकते हैं।

इस प्लेटफॉर्म पर संबंधित अधिकारी अपनी कार्रवाई की जानकारी भी साझा कर सकते हैं। शिकायत सीधे संबंधित विभाग तक पहुंचती है, और अधिकारी मैप पर लोकेशन देखकर मौके पर कार्रवाई कर सकते हैं। समाधान होने पर अधिकारी ऐप के माध्यम से इसकी जानकारी अपडेट कर सकते हैं और जरूरत पड़ने पर शिकायतकर्ता से सीधे संपर्क भी कर सकते हैं।
‘भास्कर समाधान’ का उद्देश्य शहर के विभिन्न हिस्सों से लोगों की समस्याओं को सीधे जिम्मेदार विभागों तक पहुंचाना है, ताकि आमजन और प्रशासन के बीच बेहतर संवाद स्थापित हो सके। यह मंच जनसमस्याओं को सामने लाने और उनके समाधान की दिशा में प्रभावी भूमिका निभा रहा है।


