बुलंद सोच, भोपाल।
राजधानी भोपाल में भारत हैवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (भेल) के गेट नंबर-8 के पास डिकंपोज अवस्था में मिले शव के संबंध में चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। शॉर्ट पीएम रिपोर्ट के अनुसार, युवक का सिर धारदार हथियार से काटकर अलग कर दिया गया था। साथ ही, उसका प्राइवेट पार्ट भी काटा गया था।
पुलिस अवैध संबंधों के चलते हत्या किए जाने की आशंका मानकर मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में शव लगभग एक सप्ताह से अधिक पुराना प्रतीत हो रहा है। हत्या के सटीक समय का खुलासा पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा।
गोविंदपुरा पुलिस ने शॉर्ट पीएम रिपोर्ट के आधार पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है। पुलिस हत्या में शामिल आरोपियों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। हालांकि, घटनास्थल पर युवक का प्राइवेट पार्ट नहीं मिला है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर झाड़ियों में एक बोरी के अंदर युवक का डिकंपोज शव मिला था।
पुलिस भोपाल के विभिन्न थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों के साथ-साथ अन्य लापता युवकों की जानकारी खंगाल रही है, किंतु अभी तक किसी ने भी शव की शिनाख्त के लिए पुलिस से संपर्क नहीं किया है।
पुलिस घटनास्थल की ओर जाने वाले मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग की भी जांच कर रही है। पुलिस आशंका जता रही है कि भेल क्षेत्र की झुग्गियों में रहने वाले किसी बाहरी मजदूर की हत्या कर शव को वहां फेंका गया होगा।
यह आशंका भी व्यक्त की जा रही है कि किसी महिला से अवैध संबंधों के कारण परिचितों ने ही इस हत्याकांड को अंजाम दिया होगा। इस संदर्भ में, पुलिस जिले से बाहर के ऐसे मजदूरों की जानकारी भी जुटा रही है, जो अपने परिवार के साथ आते हैं या अकेले आकर मजदूरी करते हैं और बाद में लौट जाते हैं। पुलिस क्षेत्र के निर्माणाधीन मकानों और इमारतों में काम करने वाले मजदूरों से भी लापता व्यक्ति के संबंध में जानकारी एकत्र कर रही है।

