BREAKING NEWS
2026-08-14

स्वतंत्रता दिवस पर पहली बार होगा वंदे मातरम् का गरिमापूर्ण गायन: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, भोपाल।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश 15 अगस्त को अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाने जा रहा है। इस अवसर पर पहली बार राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् का गरिमापूर्ण गायन होगा, जो व्यवस्था अब तक नहीं थी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंत्रिपरिषद (कैबिनेट) की बैठक से पहले मंत्रियों को संबोधित करते हुए यह बात कही। प्रभारी मंत्री अपने जिलों में हुए विकास कार्यों की जानकारी प्रस्तुत करेंगे। देश विभाजन की विभीषिका के संदर्भ में 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाया जाएगा। इस दिन देश विभाजन का दंश झेलने वाले और अपने प्राण गंवाने वालों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। मुख्यमंत्री ने सभी मंत्रियों से इस कार्यक्रम में सक्रिय रूप से सहभागिता करने का आग्रह किया।

Advertisement

मुख्यमंत्री ने कैबिनेट बैठक से पहले कुटीर एवं ग्रामोद्योग विभाग के वेब पोर्टल को देश में प्रथम पुरस्कार मिलने पर बधाई दी। संत रविदास के 650वें जयंती वर्ष में मध्य प्रदेश में 18 अगस्त से प्रदेशस्तरीय समरसता अभियान का शुभारंभ होगा। सभी मंत्री 20 अगस्त को अपने जिलों में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होंगे। समरसता कलश रथ यात्रा प्रदेश के प्रत्येक जिले में पहुंचेगी। सुशासन के क्षेत्र में क्रांतिकारी शुरुआत करते हुए प्रत्येक शुक्रवार को जनविश्वास अभियान के तहत अधिकारी फील्ड में जनता से सीधे जुड़कर शिकायतों का समाधान करेंगे।

पुलिस विभाग के 27 हजार 500 से अधिक अधिकारियों और कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ मिला है। इसमें 12 हजार 928 प्रधान आरक्षक शामिल हैं। राज्य सरकार ने वर्ष 2023 से लेकर अब तक पुलिस विभाग में नई नियुक्तियों के लिए 25 हजार से अधिक पद स्वीकृत किए हैं। कृषक कल्याण वर्ष 2026 में प्रदेश के प्रत्येक जिले में पिछली 15 जुलाई से अब तक 13 बलराम कृषि महोत्सव आयोजित किए जा चुके हैं। मुख्यमंत्री ने सभी मंत्रियों से कृषि महोत्सव में शामिल होने का आह्वान किया।

हवाई सेवाओं का विस्तार

भोपाल-रीवा, भोपाल-पटना, जबलपुर-कोलकाता और रीवा-कोलकाता के बीच नए हवाई मार्ग आरंभ हुए हैं। दो माह बाद भोपाल से सीधे शरजाह के लिए अंतरराष्ट्रीय उड़ान शुरू की जाएगी। इससे पहले इंदौर से अबुधाबी के लिए विमान सेवा प्रारंभ हो चुकी है। अब मध्य प्रदेश से दो अंतरराष्ट्रीय उड़ानें संचालित की जाएंगी। प्रदेश में ब्रिटिश शासन के दौरान चार हवाई अड्डे क्रमशः 1930 में जबलपुर, 1933 में ग्वालियर, 1940 में भोपाल और 1948 में इंदौर में शुरू किए गए थे।

वर्तमान सरकार में वर्ष 2024 में प्रदेश में तीन नए हवाई अड्डों – दतिया, रीवा और सतना का लोकार्पण हुआ है। उज्जैन और शिवपुरी में दो नए हवाई अड्डे बनाए जाने के लिए स्वीकृति मिल चुकी है। अब प्रदेश में पाँच और नए हवाई अड्डे बनाए जाएंगे, जिससे प्रदेश को कुल 10 हवाई अड्डे मिलेंगे।

कैबिनेट के महत्वपूर्ण निर्णय

मध्य प्रदेश कैबिनेट ने 47 हजार 990 करोड़ रुपये के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। इसके तहत भोपाल को महानगर की तरह विकसित किया जाएगा।