बुलंद सोच, जबलपुर।

बीना-आगासौद के बीच चल रहे यार्ड रीमॉडलिंग कार्य के कारण जबलपुर और आसपास के यात्रियों की कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित होगा। यह कार्य एक सितंबर से 15 अक्टूबर तक चरणबद्ध रूप से जारी रहेगा।
प्रमुख ट्रेनों के फेरे रद्द
जबलपुर-हजरत निजामुद्दीन श्रीधाम एक्सप्रेस के 19 फेरे निरस्त किए गए हैं। गाड़ी संख्या 12192 जबलपुर-हजरत निजामुद्दीन श्रीधाम एक्सप्रेस 26 सितंबर से 14 अक्टूबर तक रद्द रहेगी, जबकि ट्रेन संख्या 12191 हजरत निजामुद्दीन-जबलपुर श्रीधाम एक्सप्रेस 27 सितंबर से 15 अक्टूबर तक निरस्त रहेगी। बीना-कटनी मुड़वारा मेमू के दोनों दिशाओं के 19-19 फेरे भी निरस्त किए गए हैं, जो 21 सितंबर और 28 सितंबर से 15 अक्टूबर तक रद्द रहेंगे। भोपाल-दमोह राज्यरानी एक्सप्रेस के सात-सात फेरे नौ से 16 अक्टूबर के बीच प्रभावित होंगे। इसके अतिरिक्त, रानी कमलापति-संतरागाछी हमसफर और भोपाल-खजुराहो महामना एक्सप्रेस का भी एक-एक फेरा निरस्त किया गया है।
कई ट्रेनों के मार्ग परिवर्तित
कटनी-बीना मेमू 29 सितंबर से 15 अक्टूबर तक बीना के बजाय खुरई तक चलेगी और वापसी में खुरई से ही शुरू होगी। बिलासपुर-भोपाल एक्सप्रेस को बीना मालखेड़ी जंक्शन तक शॉर्ट टर्मिनेट किया जाएगा। भोपाल-बीना मेमू सहित चार अन्य ट्रेनों का संचालन मंडीबमौरा तक सीमित रहेगा। शताब्दी एक्सप्रेस भी 15 अक्टूबर को रानी कमलापति के बजाय ललितपुर तक चलेगी। भोपाल, रीवा, धनबाद और जोधपुर की 16 गाड़ियों के रूट भी एक से 15 अक्टूबर तक बदले जाएंगे।
रेल यात्रियों को यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति जांचने की सलाह दी गई है।

