बुलंद सोच, ग्वालियर।
जीआरपी ग्वालियर ने बुंदेलखंड एक्सप्रेस से अगवा की गई 18 माह की बच्ची को घटना के 24 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने मामले में आरोपी को ग्वालियर के गांधीनगर क्षेत्र से गिरफ्तार किया है।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपित ने पुलिस को बताया कि उसकी कोई संतान नहीं है, जिस कारण उसने बच्ची का अपहरण किया था।
एडीजी रेल राजा बाबू सिंह के अनुसार, शिवपुरी निवासी एक महिला अपनी 18 माह की बेटी के साथ बुंदेलखंड एक्सप्रेस से ग्वालियर से प्रयागराज में अपने भाई के घर जा रही थी।
यात्रा के दौरान उसी कोच में सवार आरोपित ने महिला से बातचीत कर विश्वास हासिल किया और सीट व्यवस्थित करने के दौरान बच्ची को गोद में लेने की पेशकश की। महिला का ध्यान साड़ी में बिछिया उलझने के कारण हट गया, और जैसे ही वह अपनी बर्थ लगाने में व्यस्त हुई, आरोपी बच्ची को लेकर ट्रेन से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलने पर जीआरपी ग्वालियर ने तत्काल अपहरण का मामला दर्ज कर एक विशेष टीम का गठन किया।
पुलिस ने रेलवे स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों तथा मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपित की तलाश शुरू की। लगातार कार्रवाई के बाद आरोपित को ग्वालियर के गांधीनगर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया और बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया गया।
एडीजी रेल राजा बाबू सिंह ने बताया कि बच्ची को सुरक्षित उसकी मां के सुपुर्द कर दिया गया है। आरोपित से पूछताछ जारी है और उसके आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इस वारदात में कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं।
एडीजी रेल ने इस त्वरित कार्रवाई के लिए जीआरपी ग्वालियर की टीम की सराहना की और कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने यह भी बताया कि ऐसे मामलों में पुलिस तत्काल कार्रवाई कर अपराधियों को कानून के शिकंजे तक पहुंचाएगी।

