बुलंद सोच, भोपाल।
साइबर अपराधी अब आम लोगों के साथ-साथ पुलिसकर्मियों को भी निशाना बना रहे हैं। राजधानी भोपाल के कमलानगर थाने में पदस्थ हवलदार राजेंद्र बहादुर सिंह साइबर ठगी का शिकार हो गए हैं।
पुलिस लाइन निवासी हवलदार राजेंद्र बहादुर सिंह के बैंक खाते से साइबर ठगों ने लगभग 1.96 लाख रुपये निकाल लिए।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ठगों ने हवलदार के मोबाइल पर एक फर्जी लिंक भेजा था। इस लिंक पर क्लिक करने के बाद साइबर अपराधियों ने उनके बैंक खाते तक पहुंच बना ली।
साइबर अपराधियों ने अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से कुल 1 लाख 96 हजार रुपये निकाल लिए।
खाते से राशि कटने के मैसेज आने पर हवलदार को ठगी का पता चला। इसके बाद उन्होंने तत्काल साइबर हेल्पलाइन और संबंधित पुलिस अधिकारियों को सूचना दी।
मामले में शिकायत दर्ज कर ट्रांजेक्शन का विवरण जुटाया जा रहा है। पुलिस डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

